कायरतापूर्ण हमले की निंदा, परिवार ने हमलावरों को सख्त सजा देने की उठाई मांग
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पुलिस के शहीद हेड कांस्टेबल गुलाम मोहम्मद डार की मंगलवार को वाइलू टंगमर्ग स्थित उनके आवास के बाहर आतंकवादियों ने हत्या कर दी थी। इसके बाद परिवार सहित पूरे गांव में बुधवार को भी मातम पसरा रहा है। लोग परिवार के साथ संवेदना व्यक्त करने के लिए पहुंच रहे हैं और इस कायराना हमले की निंदा कर रहे हैं। पिता को खून में लथपथ देखने वाली बेटी की मांग है कि वह कातिलों को तलाश कर हाथों से सजा देना चाहती हैं।
कांस्टेबल की 7 बेटियों में से एक की शादी अगले साल होनी थी और घर में तैयारियां जारी थीं। बेटी ने कहा शादी को लेकर पापा बेहद खुश थे। हर रोज लौटने पर घर में शादी की चर्चा होती थी।
शहीद हेड कांस्टेबल गुलाम मोहम्मद डार के घर बुधवार को मातम पसरा था। पुलिस ने बताया उन्हें करीब से पिस्तौल से पांच गोलियां मारी गई थीं। यहां तक कि उनके घर के गेट पर भी दो गोलियों के निशान दिखाई दे रहे हैं। डार 25 सालों से पुलिस में सेवाएं दे रहे थे और मौजूदा समय में श्रीनगर में तैनात थे। शहीद की बेटी उजमा ने कहा कि पिता परिवार के इकलौता सहारा थे। अब घर में कोई कमाने वाला नहीं रहा। उन्होंने कहा कि हमें इंसाफ चाहिए, कातिल को हमारे पास लाया जाये। हम चाहते हैं कि सरकार और विभाग अब हमारे बारे में भी सोचे।