श्रीनगर। भारतीय रेलवे ने 11 से 21 सितंबर 2025 के बीच कश्मीर घाटी से 5,42,699 सेब की पेटियां देश के विभिन्न हिस्सों में पहुंचाईं। यह खेप बडगाम, अनंतनाग और बारामुला स्टेशनों से रवाना हुई 19 विशेष ट्रेनों के जरिए दिल्ली, जम्मू और अन्य बाजारों तक पहुंची।
अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक खेप अनंतनाग स्टेशन से भेजी गई जहां से 10 ट्रेनों में कुल 4,30,013 पेटियां रवाना हुईं। केवल 20 सितंबर को ही यहां से 91,662 पेटियां भेजी गईं। बडगाम स्टेशन से आठ ट्रेनों में 94,388 सेब की पेटियां, 225 अखरोट की बोरियां और 74 अखरोट गिरी की पेटियां भेजी गईं। वहीं बारामुला स्टेशन से एक ट्रेन में 18,298 पेटियां रवाना हुईं, जिनमें 18,098 सेब और 200 नाशपाती की पेटियां शामिल थीं।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि ये आंकड़े कश्मीर की बागवानी उपज को बाहरी बाज़ारों तक पहुंचाने के लिए रेलवे नेटवर्क पर बढ़ती निर्भरता को दर्शाते हैं। समय पर परिवहन से न केवल आपूर्ति शृंखला मजबूत होती है बल्कि घाटी के बागवानों को आर्थिक सहायता भी मिलती है।