श्रीनगर में उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से एनडीएमए के पूर्व सदस्य डॉ. हर्ष के गुप्ता और आईयूएसटी के कुलपति ने मुलाकात की। बैठक में आपदा-प्रतिरोधी जम्मू-कश्मीर के लिए तैयारी, जागरूकता और बहु-हितधारक सहयोग की रणनीतियों पर चर्चा हुई।
श्रीनगर। राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एनडीएमए) के पूर्व सदस्य और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव डॉ. हर्ष के गुप्ता ने वीरवार को उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात की। उनके साथ इस्लामिक विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (आईयूएसटी) के कुलपति प्रो. शकील ए. रोमशू भी थे।
विज्ञापन
बैठक में आपदा-प्रतिरोधी जम्मू-कश्मीर के निर्माण की रणनीतियों पर चर्चा की गई, जिसमें तैयारियों और जोखिम न्यूनीकरण पर ज़ोर दिया गया। व्यवस्थित तैयारी, सुदृढ़ बुनियादी ढांचे और जागरूक नागरिकों के माध्यम से प्राकृतिक आपदाओं के प्रभावों को कम करने के उपायों पर भी चर्चा हुई। आईयूएसटी के कुलपति ने उपराज्यपाल को जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से आपदा जागरूकता और क्षमता निर्माण बढ़ाने के उद्देश्य से आईयूएसटी की पहलों के बारे में जानकारी दी। ब्यूरो
उपराज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर के आपदा प्रबंधन पारिस्थितिकी तंत्र को मज़बूत करने के लिए सरकारी एजेंसियों, शैक्षणिक संस्थानों, नागरिक समाज और स्थानीय समुदायों को एक साथ लाकर बहु-हितधारक सहयोग के महत्व पर प्रकाश डाला।