पीएम मोदी के जन्मदिवस पर महाराष्ट्र के सीएम शिंदे के साथ लॉन्च किया कार्यक्रम हम सब एक हैं
कुपवाड़ा में छात्रों के लिए महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर मैत्री चैप्टर, ई-लर्निंग लैब का शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने पाकिस्तान का नाम लिए बगैर खूब खरी खोटी सुनाई। उन्होंने कहा, आज जम्मू-कश्मीर कई क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन देख रहा है। इस प्रगति से निराश होकर, हमारा पड़ोसी देश जो खुद आतंकवाद का सबसे बड़ा प्रायोजक और एक विफल देश है वह हम पर कायरतापूर्ण आतंकी हमलों को अंजाम दे रहा है। एलजी रविवार को पुणे के सरहद फाउंडेशन के कार्यक्रम हम सब एक हैं के शुभारंभ अवसर पर बोल रहे थे। कार्यक्रम में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी मौजूद थे।
उप राज्यपाल ने कहा, हमें अपनी सेना, पुलिस और केंद्रीय सुरक्षाबलों की बहादुरी और साहस पर पूरा भरोसा है। सैनिकों, निर्दोष नागरिकों के खून की एक-एक बूंद का बदला लिया जाएगा। आतंकियों और उनके समर्थकों को बहुत भारी कीमत चुकानी होगी।
इस अवसर पर प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन का जश्न मनाने के लिए कुपवाड़ा में छात्रों के लिए महाराष्ट्र और जम्मू-कश्मीर मैत्री अध्याय और ई-लर्निंग लैब का शुभारंभ किया गया। समाज के प्रति उनकी निस्वार्थ सेवा के लिए विभिन्न क्षेत्रों के लोगों को सम्मानित किया गया।
उप राज्यपाल ने जम्मू-कश्मीर की संप्रभुता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले पुलिस, सेना और केंद्रीय बलों के बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। एलजी ने जम्मू-कश्मीर और देश के अन्य हिस्सों के बीच लोगों से लोगों के बीच जुड़ाव को मजबूत करने के लिए सरहद फाउंडेशन के प्रयास की सराहना की।
भारत अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण: शिंदे
कार्यक्रम में मौजूद महाराष्ट्र के मुख्य मंत्री एकनाथ शिंदे ने इस अवसर पर अपने संबोधन में जम्मू-कश्मीर और महाराष्ट्र के बीच साझा मजबूत संबंधों पर प्रकाश डाला। कहा, भारत अनेकता में एकता का जीवंत उदाहरण है। मैं केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के लोगों को महाराष्ट्र सरकार की ओर से हर समर्थन का आश्वासन देता हूं। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में महाराष्ट्र भवन की स्थापना की सुविधा प्रदान करने के लिए उपराज्यपाल का भी आभार व्यक्त किया।