- देश की पहली अंतरराष्ट्रीय डाउनहिल एमटीबी साइकिल रेस का गुलमर्ग में हुआ आयोजन
- सतीश शर्मा ने किया फाइनल प्रतियोगिता का उद्घाटन, बोले-पर्यटन को मिलेगा लाभ
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय डाउनहिल एमटीबी साइकिल रेस का जबरवन लीजेंड्स सीरीज के तहत गुलमर्ग में आयोजन किया गया। रविवार को फाइनल रेस हुई जिसका उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सतीश शर्मा ने किया। फाइनल में ब्राजील के पांच बार के राष्ट्रीय चैंपियन डगलस विएरा ने 3 मिनट 29 सेकंड रेस पूरी कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
गुलमर्ग में जबरवन लीजेंड्स सीरीज के तहत डाउनहिल एमटीबी साइकिल रेस का आयोजन किया गया। इसमें भारत के विभिन्न राज्यों से 18 और ब्राजील, चेक गणराज्य, ऑस्ट्रेलिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, नीदरलैंड आदि देशों के नौ खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन सतीश शर्मा ने किया और इसे एक शानदार पहल बताया। उन्होंने कहा कि श्रीनगर में पहली बार खेलो इंडिया के वाटर स्पोर्ट्स हुए। इससे पहले विंटर गेम्स हुए। तीसरी एशियाई पेंचक सिलाट प्रतियोगिता खेली गई। अब भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय डाउनहिल एमटीबी साइकिल रेस का यहां आयोजन किया गया है। इससे प्रदेश के खिलाड़ियों, युवाओं के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि पहलगाम हमले के बाद ठिठके पर्यटन और कारोबार को सामान्य करने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी है। कश्मीर में लगातार हो रही प्रतियोगिताएं बताती हैं कि देश का भरोसा कश्मीर से उठा नहीं है। उन्होंने आयोजकों को इस प्रतियोगिता के लिए बधाई दी।
ज़बरवन के संस्थापक और मालिक सेहान शेट्टी ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी सभी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने गुलमर्ग की मनमोहक सुंदरता का लुत्फ उठाया। इस प्रतियोगिता में सैम हिल (8 बार के विश्व चैंपियन), मतेज चारवत (7 बार के चेक राष्ट्रीय चैंपियन), डगलस विएरा (5 बार के ब्राजील के राष्ट्रीय चैंपियन), ब्राजील के ही मैथ्यूस ने भी हिस्सा लिया था। उाउन हिल रेसिंग में यह बड़े नाम हैं।
उन्होंने बताया कि जबरवन लीजेंड्स सीरीज को एक वार्षिक कार्यक्रम के रूप में विकसित किया जाएगा ताकि गुलमर्ग को वैश्विक संभावनाओं वाले भारत के बेहतरीन साहसिक पर्यटन स्थलों में से एक के रूप में प्रचारित किया जा सके।