बारामुला जीएमसी में स्थायी पेसमेकर का ऑपरेशन करने वाली टीम। स्रोत जीएमसी
बारामुला। उत्तरी कश्मीर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में बुधवार से डाॅक्टरों की टीम ने स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण ऑपरेशन को दोबारा से शुरू किया है। अस्पताल में कॉर्डियोलॉजिस्ट न होने के कारण पेसमेकर ऑपरेशन रोके गए थे।
अब अस्पताल के मेडिकल प्रोफेसर डॉ. मजीद जहांगीर के नेतृत्व में एक हृदय डाॅक्टर की नियुक्ति के बाद फिर से पेसमेकर ऑपरेशन शुरू किए गए हैं। डॉ. मजीद ने कहा कि अब क्षेत्र में हृदय रोगियों को अस्पताल में पेसिंग थेरेपी मिलेगी। इस ऑपरेशन को अस्पताल में शुरू करने का मकसद जिले के बाहर के अस्पतालोंं में जाने वाले मरीजों की संख्या को कम करना है।
बुधवार को स्थायी पेसमेकर प्रत्यारोपण ऑपरेशन इंटरवेंशनल काॅर्डियोलॉजिस्ट डॉ. मुस्तफा बशीर, एचओडी मेडिसन डॉ. निसार अहमद खान व टीमों ने मिलकर किया। उन्होंने बताया कि मरीजों के ऑपरेशन आयुष्मान भारत योजना के तहत निशुल्क किए गए ताकि आर्थिक रूप से कमजोर मरीज भी विश्व स्तरीय कार्डियक देखभाल का लाभ उठा सकें। संवाद