- मंत्री ने उड़ी, शोपियां, पांपोर, कंगन आदि जगहों से आए लोगाें को दिया समाधान का आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, परिवहन व खेल विभाग के मंत्री सतीश शर्मा ने सोमवार को सिविल सचिवालय में जनसंपर्क कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान विभिन्न विधायकों, व्यापार संगठनों, मजदूर संघों और कई अभ्यर्थी समूहों ने मंत्री से मुलाकात की और अपनी-अपनी समस्याएं बताईं।
कार्यक्रम में उड़ी, शोपियां, पांपोर और कंगन के विधायकों ने भाग लिया और अपने क्षेत्रों में राशन आपूर्ति, परिवहन सेवाओं तथा युवा कार्यक्रमों से संबंधित समस्याओं से मंत्री को अवगत कराया। मंत्री शर्मा ने सभी मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई का आश्वासन देते हुए संबंधित विभागों को तुरंत कदम उठाने के निर्देश दिए।
फेयर प्राइस शॉप एसोसिएशन ने सप्लाई चेन मैनेजमेंट और दुकानों के संचालन से जुड़ी चिंताएं साझा कीं। मंत्री ने कहा कि सरकार सार्वजनिक वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी तथा तकनीक आधारित बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
केरोसीन ऑयल एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने वितरण से संबंधित समस्याएं उठाईं। मंत्री ने भरोसा दिलाया कि सभी वास्तविक मुद्दों को विभागीय स्तर पर प्राथमिकता के साथ लिया जाएगा। जेकेआरटीसी के पेंशनरों ने भी मंत्री से मुलाकात कर लंबित सेवा मामलों पर चर्चा की। मंत्री शर्मा ने परिवहन विभाग को लंबित मामलों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए।
फॉरेस्ट इंस्पेक्टर परीक्षा के अभ्यर्थी, सोशल फॉरेस्ट वर्कर्स, फॉरेस्ट प्रोटेक्शन फोर्स गार्ड, वाइल्डलाइफ गार्ड तथा मटन डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष ने भी मंत्री से मुलाकात कर भर्ती प्रक्रियाओं, सेवाओं के नियमितीकरण, कार्य परिस्थितियों और बाजार विनियमन से जुड़े मुद्दे रखे। मंत्री ने कहा कि सरकार पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, बेहतर कार्य वातावरण, और व्यवस्थित व्यापार व्यवस्थाओं के लिए प्रतिबद्ध है।