पुलिस ने जिले में तीन दिन में 1.11 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति की है कुर्क
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में पुलिस का नशा तस्करों पर प्रहार जारी है। शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन 24 लाख रुपये मूल्य के घर सहित 12 लाख रुपये के तीन वाहन जब्त किए हैं। यह कार्रवाई चार कुख्यात नशा तस्करों के खिलाफ हुई है। तीन दिन में कुल 1.11 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति जब्त की गई है।
शुक्रवार को पहली कार्रवाई कुख्यात नशा तस्कर मोहम्मद जाहिद शाह गिलानी निवासी बसग्रान उड़ी के खिलाफ हुई है। इसमें 24 लाख रुपये मूल्य का दोमंजिला घर को कुर्क किया गया। यह कार्रवाई 1985 के एनडीपीएस अधिनियम की धारा 68-ई के साथ पठित 68-एफ (1) के तहत की गई। इस संबंध में पुलिस स्टेशन उड़ी में मामला दर्ज है। जांच एवं पूछताछ के बाद अवैध संपत्ति की पहचान की गई। साथ ही जांच में सामने आया कि यह संपत्ति तस्कर द्वारा नारकोटिक ड्रग्स और साइकोट्रॉपिक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की थी। दूसरे मामले में तीन कुख्यात तस्करों के 12 लाख रुपये के तीन वाहन (दो कारें और एक स्कूटी) को जब्त किया है। आरोपियों की पहचान मोहम्मद जाहिद शाह (गिलानी) निवासी बसग्रान उड़ी, अहतिशाम उद दीन खान निवासी लाडूरा रफियाबाद और रेयाज अहमद गनी निवासी बटंगी बोनियार शामिल हैं। उनके खिलाफ पुलिस स्टेशन उड़ी, पुलिस स्टेशन शीरी और पुलिस स्टेशन पट्टन में मामले दर्ज हैं।
गौरतलब रहे कि इससे पहले पुलिस ने वीरवार को पत्नी अफारेजा बेगम उर्फ अफ्री के नाम पर कुख्यात तस्कर फैयाज अहमद डार द्वारा बनाए गए 15 लाख रुपये मूल्य के एक मंजिला घर को कुर्क किया था। वहीं, बुधवार को बारामुला के रफियाबाद लडूरा के कुख्यात नशा तस्करों मोहम्मद अयूब शाह और गुलाम मोहम्मद शाह उर्फ गुलशाह की संपत्तियों (एक मंजिला आवासीय घर और दो वॉशरूम के साथ दो मंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, जिसकी कीमत लगभग 60 लाख रुपये) को कुर्क किया था। तीन दिन में 99 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति कुर्क की गई है।
कुलगाम में भी कुख्यात ड्रग तस्कर के खिलाफ कार्रवाई
श्रीनगर। ड्रग तस्करों के खिलाफ अपनी कार्रवाई जारी रखते हुए कुलगाम पुलिस ने कुख्यात ड्रग तस्कर निसार अहमद खांडे निवासी निपोरा की 916.75 वर्ग फुट की संपत्ति (लगभग 10.5 लाख रुपये मूल्य का घर) को कुर्क किया है। यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन काजीगुंड में दर्ज एनडीपीएस मामले के तहत हुई है। क्षेत्र के स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की।