श्रीनगर। कांग्रेस एक जीवंत पार्टी है और भाजपा के दुर्भावनापूर्ण प्रचार और भ्रामक राजनीति को हराने के लिए काफी मजबूत है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) जम्मू-कश्मीर की प्रभारी रजनी पाटिल ने सोमवार को यह बात कही। राज्यसभा सांसद पाटिल पुलवामा जिले के चेकीभद्री नाथ में एक कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
कांग्रेस नेता ने कहा कि पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करना लोगों की भावनाओं पर हमला था। उन्होंने कहा, भाजपा शासन शत्रुतापूर्ण है, जो जनता के लिए सजा के रूप में काम कर रहा है। पाटिल ने आरोप लगाया कि इन सभी विफलताओं के बावजूद, भाजपा सरकार वास्तविक मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाने के उद्देश्य से झूठी कहानी गढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जम्मू-कश्मीर में न्याय और समावेशी विकास सुनिश्चित करेगी। पाटिल ने कहा, यूपीए-1 और यूपीए-2 ने एक रोडमैप तैयार किया था और जम्मू-कश्मीर में भारी विकास और रोजगार सुनिश्चित किया था, लेकिन भाजपा की नीतियां इसके विपरीत हैं। इसके परिणामस्वरूप, जम्मू-कश्मीर में शुरू हुई विकास प्रक्रिया को गंभीर झटका लगा। उन्होंने दोहराया कि कांग्रेस लोगों की आकांक्षाओं से समझौता नहीं करेगी और जम्मू-कश्मीर में आम नागरिकों का विश्वास बहाल करने की पूरी कोशिश करेगी।