- डीसी ने हॉटस्पॉट पर निगरानी बढ़ाने का दिया है निर्देश
- शैक्षणिक संस्थानों को सीसीटीवी निगरानी का दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिला प्रशासन ने नशा तस्करों पर शिकंजा कसते हुए हॉटस्पॉट पर सीसीटीवी से निगरानी के आदेश दिए हैं। साथ ही नशा तस्करों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने और शैक्षणिक संस्थानों में निगरानी बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग से कहा है।
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के उपायुक्त मिंगा शेरपा की ओर से शनिवार को इस संबंध में निर्देश जारी किए गए हैं। विभागों को सभी चिन्हित हॉटस्पॉट पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के कहा गया है। उन्होंने शिक्षा विभाग को अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए स्कूलों और कॉलेजों में सीसीटीवी सिस्टम की निगरानी करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने एआरटीओ को कानून के तहत नशीली दवाओं की तस्करी या सेवन में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने का भी निर्देश दिया।
इसे लेकर शनिवार को हुई बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, आबकारी, समाज कल्याण और अन्य विभागों के अधिकारियों ने चल रही कार्रवाई के आंकड़े साझा किए। उन्होंने जिले में तस्करी और दुरुपयोग को रोकने के लिए समन्वय को मजबूत करने पर सहमति व्यक्त की। जिला उपायुक्त ने कहा कि प्रवर्तन, जागरूकता और पुनर्वास एक साथ चलने चाहिए। उन्होंने विभागों से स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक क्षेत्रों में अभियान चलाने को कहा ताकि युवाओं को नशीली दवाओं के उपयोग के खतरों के बारे में जानकारी दी जा सके।
लोगों ने जताई खुशी
बारामुला के एक स्थानीय निवासी दलबीर सिंह व मो. रमजान ने कहा कि जिले में छोटे-छोटे बच्चे नशे के आदी हो चुके हैं। प्रशासन और पुलिस लगातार इनके खिलाफ इनके खिलाफ नकेल कैसे हुए है लेकिन कुछ स्थान ऐसे हैं जहां निगरानी की आवश्यकता है। नशे की लत युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रही है।