चोरी और धोखाधड़ी की आरोपी महिला असमत। स्रोत पुलिस
- लाल बाजार, सफाकदल, चदूरा, सोपोर और ख्रेव में दर्ज दर्ज है धोखाधड़ी के कई मामले
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। पुलिस ने कश्मीर घाटी के कई जिलों में चल रहे धोखाधड़ी और सोना चोरी करने के रैकेट का पर्दाफाश किया है। थाना लाल बाजार की टीम ने असमत जान उर्फ तब्बू सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया। लाल बाजार, सफाकदल, चदूरा, सोपोर और ख्रेव (अवंतिपोरा) में दर्ज धोखाधड़ी और फ्रॉड के कई मामलों में महिला वांछित थी।
पुलिस ने बताया कि आरोपी महिलर लंबे समय से गिरफ्तारी से बच रही थी। पुलिस से बचने के लिए अक्सर पश्चिम बंगाल, पंजाब, महाराष्ट्र और जम्मू के बीच अपनी जगहें बदलती रहती थी। खास जानकारी पर कार्रवाई करते हुए थाना लाल बाजार की पांच टीमों ने एसडीपीओ और जोनल एसपी की देखरेख में लगातार कोशिशों के बाद उसे जालंधर (पंजाब) के होटल व्हाइट हाउस से ट्रैक किया और पकड़ लिया।
कश्मीर वैली के गोल्ड एसोसिएशन ने पहले भी इस बात पर गंभीर चिंता जताई थी कि वह पूरे इलाके में सोने के कारोबारियों को धोखा देने में बार-बार शामिल रही है। इस बारे में लाल बाजार पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज है। आगे की जांच के दौरान सबूत सामने आए जिससे पता चला कि एक सुनार और उसका साथी सप्लाई किए गए चोरी के सोने को लेने, ट्रांसपोर्ट करने और ठिकाने लगाने में शामिल थे।
इस मामले में दोनों अन्य आरोपियाें शमीम अहमद शेख निवासी इकबाल कॉलोनी इंद्र नगर और बसीर अहमद डार निवासी नवाकदल को गिरफ्तार कर लिया गया। शमीम बोहरी कदल का एक सुनार है जो चोरी के सोने के गहने कम कीमत पर खरीदने और उन्हें छिपाने और सर्कुलेशन में मदद करने के लिए गिरफ्तार किया गया। बसीर अहमद को चोरी के सोने को ट्रांसपोर्ट करने और चुपके से ठिकाने लगाने में उसकी भूमिका के लिए गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने तीनों आरोपियों ये पूछताछ कर रही है। इस मामले में और अधिक गिरफ्तारियों व बरामदगी की उम्मीद है।