संभागीय आयुक्त ने बैठक कर विकास संबंधी मुद्दों पर की चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। संभागीय आयुक्त (डिवीजन) कश्मीर विजय कुमार बिधूड़ी ने रख-आई-अर्थ हाउसिंग कॉलोनी बेमिना में उचित स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए एसएमसी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए निविदा जारी करने और तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। बैठक में उन्होंने विकास संबंधी मुद्दों पर भी चर्चा की।
इस दौरान संबंधित अधिकारियों ने मंडलायुक्त को उक्त कॉलोनी में शुरू की गई विकासात्मक परियोजनाओं के बारे में जानकारी दी। इसमें स्कूल, अस्पताल, पार्क, जल आपूर्ति, बिजली, सड़क और स्वच्छता आदि शामिल हैं। बताया कि स्कूल की इमारत का काम पूरा हो गया है, जिसे इसी सत्र से चालू कर दिया जाएगा। क्षेत्र में सुखनाग जलापूर्ति योजना से पानी दिया जाता है। इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए ट्यूबवेलों के माध्यम से जल आपूर्ति में सुधार किया जाएगा। बिजली के संबंध में बताया गया कि बिजली का संवर्द्धन किया जाएगा, डीपीआर का पुनर्मूल्यांकन भी प्रस्तुत कर दिया गया है।