प्रतिभागियों और अधिकारियों सहित दर्शकों के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की गई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। गुलमर्ग में 5वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स के मद्देनजर डीआईजी नाॅर्थ कश्मीर रेंज (एनकेआर) मकसूद-उल जमान ने आयोजन के सुचारु व सुरक्षित संचालन के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कुंजर पुलिस थाने में उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक की।
पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि डीआईजी की देखरेख में प्रमुख स्थलों, आवास सुविधाओं और पारगमन मार्गों को कवर करते हुए एक बहुस्तरीय सुरक्षा योजना तैयार की गई। प्रतिभागियों, अधिकारियों और दर्शकों के लिए सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल सुनिश्चित करने के लिए जम्मू-कश्मीर पुलिस, सीआरपीएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की विशेष तैनाती की गई। सुचारु आवागमन की सुविधा के लिए सख्त प्रवेश नियंत्रण उपाय, कानून व्यवस्था बनाने के उपाय और सीसीटीवी निगरानी की व्यवस्था की गई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा दल नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण और गश्त भी करेंगे। बैठक में एसएसपी बारामुला, एसएसपी ट्रैफिक ग्रामीण, सीईओ जीडीए, सीओ 176 सीआरपीएफ, सीओ 2 आरआर, सीओ 6 डोगरा, सीओ 9 राजरिफ, एसडीएम गुलमर्ग, सहायक निदेशक पर्यटन गुलमर्ग, सहायक निदेशक खेल परिषद, डीएसपी सुरक्षा और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी शामिल हुए।