विजेता टीम के साथ पुलिस अधिकारी।
अरनिया। जम्मू पुलिस की ओर से गवर्नमेंट गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल अरनिया में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें गांव पिंडी चाढकां की टीम ने अरनिया को हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम किया।
पिंडी चाढकां टीम ने 2-1 से मुकाबला जीता। इसमें कुल आठ टीमों ने भाग लिया। विजेता टीम को 12000 नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। उपविजेता टीम को 8000 रुपये नकद और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर एसपी हेड क्वार्टर इरशाद राथर ने कहा कि नशे के प्रति युवाओं को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेलकूद ही एकमात्र ऐसा प्लेटफॉर्म है, जिससे युवाओं को नशे की लत से दूर रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस की तरफ से अनेक प्रकार के कार्यक्रम नशे के खिलाफ चलाए जा रहे हैं। इसमें सिविक एक्शन कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रकार की खेल प्रतिस्पर्धाएं करवाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वाॅलीबाॅल, क्रिकेट और फुटबॉल के अलावा अन्य खेल प्रतिस्पर्धाओं को भी सीमावर्ती क्षेत्र में शुरू किया जाएगा। इस मौके पर एसडीपीओ आरएसपुरा गुरमीत सिंह, थाना प्रभारी अरनिया सुनील दत्त, सब इंस्पेक्टर हरजिंदर सिंह विशेष तौर पर मौजूद रहे।