श्रेया गुप्ता और विशाल थापर। स्रोत : सोशल मीडिया
विशाल थापर ने सेबर स्पर्धा में जीता रजत पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। जम्मू-कश्मीर की फेंसर श्रेया गुप्ता ने नाइजीरिया में चल रही सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। श्रेया सीनियर कॉमनवेल्थ फेंसिंग चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाली जम्मू-कश्मीर की पहली महिला फेंसर बन गई हैं। श्रेया ने भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उनके शानदार प्रदर्शन से भारत को प्रतियोगिता में बड़ी सफलता मिली। श्रेया की इस उपलब्धि को जम्मू-कश्मीर में फेंसिंग खेल के लिए बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। जम्मू-कश्मीर के फेंसर विशाल थापर ने पुरुष टीम सेबर स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन हुआ है। जम्मू-कश्मीर एमेच्योर फेंसिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष एमजे शर्मा, महासचिव भानु विजय शर्मा और कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता ने श्रेया गुप्ता और विशाल थापर को उनकी शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि दोनों खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश के युवा फेंसरों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।