- हर खेल में 15 से 20 खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। युवा सेवाएं एवं खेल विभाग इसी माह से खेल गांव नगरोटा में नौ नई खेल अकादमियां शुरू करने जा रहा है। इनमें विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार किया जाना है।
विभाग के अनुसार, ताइक्वांडो, एथलेटिक्स, हॉकी, फुटबॉल, कबड्डी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, कुश्ती और फेंसिंग की अकादमियां शुरू की जाएंगी। प्रत्येक अकादमी में अंडर-13, अंडर-15 और अंडर-17 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को शामिल किया जाएगा। हर आयु वर्ग में 15 से 20 खिलाड़ियों का चयन ट्रायल के आधार पर किया जाएगा।
इन अकादमियों में प्रवेश केवल जम्मू संभाग के खिलाड़ियों के लिए होगा। खास बात है कि चयनित खिलाड़ियों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। प्रशिक्षण पूरी तरह निशुल्क होगा। प्रशिक्षण का समय एक वर्ष रहेगा और प्रशिक्षण शाम चार बजे से सात बजे तक चलेगा।
-
अतुल पंगोत्रा देंगे ताइक्वांडो की ट्रेनिंग
खिलाड़ियों को अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में नियमित अभ्यास कराया जाएगा। ताइक्वांडो में अतुल पंगोत्रा, एथलेटिक्स में हरविंदर सिंह, हॉकी में जगजीत सिंह, फुटबॉल में रोहित कुमार गुप्ता, कबड्डी में संजीत कुमार, वॉलीबॉल में नरेश कुमार, बैडमिंटन में संजय खजूरिया, कुश्ती में धीरज कुमार तथा फेंसिंग में उज्ज्वल गुप्ता प्रशिक्षण देंगे। विभाग का मानना है कि इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।