जम्मू। जम्मू-कश्मीर स्विमिंग एसोसिएशन राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिताओं के लिए प्रदेश की टीमों का चयन 18 और 19 जुलाई को करेगी। ट्रायल एमए स्टेडियम के स्विमिंग पूल में सुबह नाै बजे से होंगे। 18 जुलाई को 42वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक (तैराकी) प्रतियोगिता के लिए ट्रायल होंगे। यह प्रतियोगिता छह से नाै अगस्त तक जयपुर में होगी। 19 जुलाई को 52वीं जूनियर राष्ट्रीय एक्वाटिक प्रतियोगिता के लिए ट्रायल होंगे। प्रतियोगिता 18 से 23 अगस्त तक भुवनेश्वर में होगी। सब-जूनियर वर्ग में ग्रुप-2 (13-14 वर्ष) और ग्रुप-3 (11-12 वर्ष) के बालक-बालिकाएं भाग ले सकेंगे। जूनियर वर्ग में ग्रुप-1 (ए) 17-18 वर्ष तथा ग्रुप-1 (बी) 15-16 वर्ष के खिलाड़ी पात्र होंगे। चयन पूरी तरह टाइम ट्रायल के आधार पर होगा और इसमें स्विमिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के नियमों व निर्धारित क्वालिफाइंग टाइम का पालन किया जाएगा। एसोसिएशन ने खिलाड़ियों से आधार कार्ड, स्कूल पहचान पत्र और 1000 रुपये प्रवेश शुल्क के साथ निर्धारित समय से पहले ट्रायल स्थल पर पहुंचने के लिए कहा है। संवाद