दूसरी पारी में नौ विकेट गंवाकर बनाए 148 रन, मुंबई से अब भी 98 रन पीछे
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। विजय मर्चेंट ट्रॉफी एलीट के मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की अंडर-16 क्रिकेट टीम मुंबई के खिलाफ मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है। ग्वालियर के कैप्टन रूप सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे तीन दिवसीय मुकाबले के दूसरे दिन स्टंप्स तक जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में नौ विकेट के नुकसान पर 148 रन बनाए। टीम अभी भी मुंबई की पहली पारी के स्कोर से 98 रन पीछे है और उसका केवल एक विकेट बाकी है।
मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 100 ओवर में 304 रन बनाए। मुंबई की ओर से हर्ष शैलेश कदम ने 87 रन की शानदार पारी खेली। आरुष कोल्हे ने 43 और देवाशीष घोड़के ने 48 रन का योगदान दिया। जम्मू-कश्मीर की ओर से सनिल सिंह सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 80 रन देकर छह विकेट हासिल किए। जवाब में जम्मू-कश्मीर की पहली पारी महज 58 रन पर सिमट गई। मुंबई के गेंदबाज आर. दर्शन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए। इसके बाद फॉलोऑन खेलते हुए जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाजों ने दूसरी पारी में कुछ संघर्ष दिखाया, लेकिन नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। हम्माद फिरदौस ने 19 और कप्तान हरिंदर सिंह ने 18 रन बनाए। मुंबई की ओर से दूसरी पारी में भी आर. दर्शन ने पांच विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर की मुश्किलें बढ़ा दीं। अब मुकाबले के तीसरे और अंतिम दिन जम्मू-कश्मीर के सामने पहले 98 रन की बढ़त खत्म करने और फिर मुंबई को दोबारा बल्लेबाजी के लिए मजबूर करने की चुनौती होगी।