- अब्दुल समद ने 26 गेंदों में 42 रन बनाकर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया
- युद्धवीर के नौ गेंदों में नाबाद 36 रन जड़े
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बिहार को नौ रन से शिकस्त दी। होल्कर स्टेडियम इंदाैर में पहले बल्लेबाजी करते हुए जम्मू-कश्मीर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट खोकर 190 रन बनाए। अब्दुल समद ने 26 गेंदों में दो चौकों और तीन छक्कों की मदद से 42 रन बनाए। कवलप्रीत सिंह ने 33 और शुभम खजूरिया ने 27 रन का योगदान दिया।
युद्धवीर सिंह चाढ़क ने आखिरी ओवरों में तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज नौ गेंदों में नाबाद 36 रन ठोक दिए। उनकी इस तेजतर्रार पारी ने जम्मू-कश्मीर को मजबूत स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। 191 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 181 रन ही बना सकी। इस तरह जम्मू-कश्मीर ने नौ रन से मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब्दुल समद ने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में 22 रन देकर दो विकेट झटके। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने टीम के खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और प्रबंधन को जीत की बधाई दी।