- अंतर-जोनल जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में 650 खिलाड़ियों ने दिखाया दम
- खो-खो और क्रिकेट मुकाबले भी हुए
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। खेल गांव नगरोटा में अंतर-जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। वीरवार को अंडर-19 लड़कियों की कबड्डी का खिताब जम्मू जोन ने अपने नाम किया। फाइनल में जम्मू जोन ने खौड़ की टीम को 22-10 अंकों से हराकर ट्रॉफी पर कब्जा किया। अंडर-19 लड़कियों के हैंडबॉल मुकाबले में आरएस पुरा की टीम विजेता बनी। अंडर-19 लड़कों के फुटबॉल में भी जम्मू जोन ने खिताबी जीत दर्ज की।
कबड्डी के पहले सेमीफाइनल में खौड़ जोन ने अखनूर की टीम को कड़े मुकाबले में 25-24 अंकों से शिकस्त दी। दूसरे सेमीफाइनल में जम्मू जोन ने आरएस पुरा को 35-23 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। खिताबी मुकाबले में जम्मू की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक और संतुलित खेल का प्रदर्शन किया। टीम ने खौड़ की खिलाड़ियों को 22-10 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम कर ली।
-
हैंडबॉल में आरएस पुरा का दबदबा
अंडर-19 लड़कियों की हैंडबॉल के फाइनल में आरएस पुरा जोन ने सतवारी को 10-5 से हराकर खिताब जीता। इससे पहले सेमीफाइनल में सतवारी ने गांधी नगर को 9-7 से मात दी, जबकि आरएस पुरा ने जम्मू जोन को 9-3 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।
-
फुटबॉल में जम्मू ने डंसाल को हराया
अंडर-19 लड़कों के फुटबॉल फाइनल में भी जम्मू जोन का दबदबा रहा। जम्मू ने डंसाल को 3-1 से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। जम्मू की ओर से अंश ने दो गोल किए, जबकि फाजिल ने एक गोल दागा। डंसाल की ओर से तंशिक ने एक गोल कर टीम की वापसी की कोशिश की, लेकिन जम्मू की मजबूत रक्षा के सामने टीम सफल नहीं हो सकी।
-
खो-खो प्रतियोगिता भी शुरू
गांधीनगर के ग्रीन फील्ड ग्राउंड में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 लड़कों की खो-खो प्रतियोगिता का भी आगाज हुआ। विभिन्न खेलों में करीब 650 खिलाड़ियों ने हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। इसी क्रम में अंडर-19 क्रिकेट मुकाबले में ज्याैड़ियां जोन ने सतवारी को नौ विकेट से हराया। प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। खेल विभाग की ओर से आयोजित इन मुकाबलों का उद्देश्य खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी मंच उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारना है।