जेकेसीए ने भारतीय टीम में चयन को प्रदेश के क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम और ऐतिहासिक पल बताया
अमर उजाला ब्यूरो/संवाद
श्रीनगर/जम्मू। तेज गेंदबाज आकिब नबी का राष्ट्रीय टीम तक का सफर उनकी मैदान पर लगातार सटीक गेंदबाजी, बेहतरीन रणनीतिक समझ और मैच जिताने वाले जज्बे का ही परिणाम है। इसी मेहनत ने आखिरकार उनके लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के दरवाजे खोल दिए। जम्मू-कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन (जेकेसीए) ने आकिब नबी के श्रीलंका के खिलाफ आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में चयन पर खुशी जताई है। उसने भारतीय टेस्ट टीम में उनके चयन को प्रदेश के क्रिकेट इतिहास का स्वर्णिम और ऐतिहासिक पल बताया है।
जेकेसीए ने कहा कि 2025–26 के रणजी ट्रॉफी सीजन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज के रूप में उभरना आकिब की लगन और अनुशासन को दर्शाता है। उन्होंने न केवल घरेलू मैचों में विपक्षी बल्लेबाजों पर दबाव बनाया बल्कि हर महत्वपूर्ण मोड़ पर टीम को जीत दिलाने का काम किया।
जेकेसीए के कार्यवाहक अध्यक्ष देश रतन दुबे ने कहा कि यह सिर्फ आकिब नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर की उपलब्धि है। उनकी सफलता उस प्रगति को दर्शाती है जो हमने हासिल की है। बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, मजबूत कोचिंग और विकास के स्पष्ट रास्ते, जिनकी वजह से अब ऐसे खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं जो सबसे ऊंचे स्तर पर मुकाबला करने में सक्षम हैं।
जेकेसीए के सचिव विवेक खजुरिया ने कहा कि आकिब ने प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए एक बेहतरीन मिसाल कायम की है। हम उनके चयन का जश्न मनाते हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हैं, क्योंकि वे अंतरराष्ट्रीय मंच पर हमारे क्षेत्र का गौरव बढ़ाएंगे।
घरेलू क्रिकेट में पदार्पण और उभार
-बारामुला एक्सप्रेस के नाम से मशहूर आकिब ने लिस्ट-ए मैचों में पदार्पण 23 सितंबर 2018 को विजय हजारे ट्रॉफी से किया था। टी20 में पदार्पण 11 नवंबर 2019 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी से किया। उन्होंने अपना पहला प्रथम श्रेणी मैच रणजी ट्रॉफी में 3 जनवरी 2020 को खेला। आकिब ने शुरुआत से ही अपनी सटीक लाइन-लेंथ, स्विंग कराने की क्षमता और निचले क्रम में आक्रामक बल्लेबाजी से सिलेक्टर्स को प्रभावित किया।
- असली जलवा 2025-26 के घरेलू सीजन में देखने को मिला। रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 60 विकेट (एक सीजन में 8 बार 5 विकेट) चटकाए और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने। उनके इस असाधारण प्रदर्शन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी जीती।
- पिछले दो रणजी सीजन (2024-25 और 2025-26) में आकिब नबी ने कुल 104 विकेट हासिल किए (2024-25 में 44 विकेट और 2025-26 में 60 विकेट)।
-दिलीप ट्रॉफी 2025-26 में नॉर्थ जोन के लिए खेलते हुए उन्होंने ईस्ट जोन के खिलाफ लगातार 4 गेंदों पर 4 विकेट लेने का दुर्लभ मिसाल कायम की। लिस्ट-ए में हैदराबाद के खिलाफ नंबर-8 पर बल्लेबाजी करते हुए नाबाद 114 रन की शतकीय पारी भी खेली, जो उनकी ऑलराउंड क्षमता को साबित करती है।
- आईपीएल 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने आकिब नबी को 8.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम राशि में अपनी टीम में शामिल किया। इंडिया-ए के लिए श्रीलंका दौरे पर शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें भारतीय राष्ट्रीय टेस्ट टीम के स्क्वाड में शामिल किया गया है।
आंकड़ों में समझें आकिब का सफर
फॉर्मेट - मैच - विकेट - सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी - रन - सर्वोच्च स्कोर
प्रथम श्रेणी - 41 - 156 - 7/24 - 969 - 55
लिस्ट-ए - 36 - 56 - 4/39 - 572 - 114*
टी20 - 34 - 43 - 4/16 - 141 - 32 |
पूर्व किक्रेटरों को आकिब के शानदार प्रदर्शन की उम्मीद
-पूर्व क्रिकेटर रणजीत कालरा ने कहा कि आकिब नबी का भारतीय टीम में चयन जम्मू-कश्मीर और प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि आकिब ने रणजी ट्रॉफी, आईपीएल और श्रीलंका के खिलाफ अनौपचारिक मैचों में शानदार प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि आकिब श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट मैच में भी शानदार प्रदर्शन करेंगे तथा देश और जम्मू-कश्मीर का नाम रोशन करेंगे।
-पूर्व क्रिकेटर परवेज रसूल ने कहा कि आकिब का भारतीय टीम में चयन जम्मू-कश्मीर के लिए गर्व की बात है। भारत का प्रतिनिधित्व करना हर क्रिकेटर का सपना होता है और आकिब ने कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी ये सफलता जम्मू-कश्मीर के अन्य युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। उम्मीद है कि उन्हें अंतिम 11 में भी जगह मिलेगी।