प्रबदीप ने 29 गेंदों में 77 रन बना टीम को 270 रन तक पहुंचाया, सायन ने भी जड़ा अर्धशतक
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। बल्लेबाजी में छक्कों की बरसात और गेंदबाजी में विकेट की झड़ी लगाकर जम्मू-कश्मीर की अंडर-17 क्रिकेट टीम ने 70वें राष्ट्रीय स्कूल खेलों में धमाकेदार जीत दर्ज की। टीम ने मध्य प्रदेश के दादरवाड़ा में बुधवार को खेले गए मुकाबले में आईपीएससी को 198 रन के बड़े अंतर से शिकस्त दी। जम्मू-कश्मीर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 270 रन बनाए। जवाब में आईपीएससी की पूरी टीम महज 73 रन पर सिमट गई।
जम्मू-कश्मीर की ओर से प्रबदीप ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए महज 29 गेंदों में 77 रन बनाए। उनकी पारी में चार चौके और नौ छक्के शामिल रहे। सायन ने भी अर्धशतक लगाकर टीम के स्कोर को मजबूती दी। अशांत ने 46 और करणवीर ने 34 रन का योगदान दिया। 271 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईपीएससी की टीम जम्मू-कश्मीर के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं पाई। ईशान ने 20 और सक्षम ने 19 रन बनाए, जबकि अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। पूरी टीम 73 रन पर ढेर हो गई। गेंदबाजी में दानिश और सायन ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। काशिफ ने दो, मुज्तबा मुजम्मिल और अजर ने एक-एक विकेट लेकर जीत में योगदान दिया।