कर्नल सीके नायडू ट्राॅफी : फॉलोन खेलते जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 336 बनाए
संवाद न्यूज एजेंसी
जम्मू। कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी में जम्मू-कश्मीर की टीम पर हार का खतरा मंडरा रहा है। मेजबान छत्तीसगढ़ को अब मैच के अंतिम दिन जीत के लिए सिर्फ 47 रन की जरूरत है और उनके पास दस विकेट हैं। घरेलू मैदान पर मेजबानों की पहली पारी में खराब बल्लेबाजी ने उन्हें मैच में हार के कगार पर पहुंचाया है।
जेकेसीए हॉस्टल ग्राउंड जम्मू में बुधवार को मैच के तीसरे दिन फॉलोन खेलते हुए जम्मू-कश्मीर की पूरी टीम 336 पर ढेर हो गई और छत्तीसगढ़ को जीत के लिए 66 रन का लक्ष्य दिया। जम्मू-कश्मीर के लिए कप्तान रिद्धम शर्मा ने 178 रन की शानदार पारी खेली। अरनव गुप्ता ने 78 रन का बहुमूल्य योगदान दिया। इसके अलावा अन्य कोई भी बल्लेबाज छत्तीसगढ़ के गेंदबाजों के आगे टिक नहीं पाया। मनराज ढिल्लो और वरुण ने पांच-पांच विकट झटके। दिन का खेल खत्म होने तक छत्तीसगढ़ ने बिना कोई विकेट गवाएं 20 रन बना लिए और अब जीत के लिए 47 रन की जरूरत है। जम्मू-कश्मीर की पहली पारी महज 175 रन पर सिमट गई थी। टीम के लिए सिर्फ उदय प्रताप ने 75 रन की पारी खेली थी। अन्य कोई भी बल्लेबाज रन नहीं बना पाया था। इसके जवाब में छत्तीसगढ़ ने पहली पारी में 445 रन बनाकर 270 रन की बड़ी बढ़त हासिल की। इसके बाद जम्मू-कश्मीर को फॉलोन खेलना पड़ा था।