युवा सेवाएं एवं खेल विभाग ने एमए स्टेडियम और नगरोटा में करवाईं इंटर जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। इंटर जोनल जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में सतवारी जोन का दबदबा रहा। सतवारी गर्ल्स अंडर-19 फुटबॉल, बाॅयज अंडर-14 बैडमिंटन और गर्ल्स अंडर-19 बैडमिंटन का विजेता बना। जबकि गर्ल्स अंडर-17 बैडमिंटन में रनरअप की ट्राॅफी जीती। ये मुकाबले एमए स्टेडियम और खेल गांव नगरोटा में हुए।
युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर से करवाई गई चैंपियनशिप में जिले के सभी 14 जोन से 400 खिलाड़ियों ने भाग लिया। बुधवार को खेल गांव नगरोटा में गर्ल्स अंडर-19 में सेमीफाइनल और फाइनल खेला गया। फाइनल मुकाबला जोन सतवारी और जम्मू के बीच हुआ। इसमें सतवारी की टीम ने शानदार खेल दिखते हुए जम्मू को 5-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले हुए सेमीफाइनल में जम्मू ने भलवाल को 2-1 और सतवारी ने बिश्नाह को 2-1 से हराया।
एमए स्टेडियम में हुए गर्ल्स अंडर-14 बैडमिंटन में सतवारी जोन ने गांधीनगर को 2-0 से हराया। इससे पहले सेमीफाइनल में गांधीनगर ने आरएस पुरा और सतवारी ने जम्मू को 2-1 से मात दी थी। गर्ल्स अंडर-17 बैडमिंटन के फाइनल मुकाबले में गांधीनगर जोन ने सतवारी को 2-1 से हराया। सेमीफाइनल में गांधीनगर ने भलवाल को 2-0 और सतवारी ने ज्यौड़ियां को 2-0 से हराया था। गर्ल्स अंडर-19 गर्ल्स बैडमिंटन के फाइनल में सतवारी ने अखनूर को 2-1 से हराया। इससे पहले हुए सेमीफाइनल में अखनूर ने ज्यौड़ियां को 2-0 और सतवारी ने गांधीनगर को 2-0 से हराया था। इसके साथ ही चैंपियनशिप में टेबल टेनिस, कुश्ती के मुकाबले भी खेले गए हैं। जिला युवा सेवाएं एवं खेल अधिकारी सुखदेव राज शर्मा ने विजेता टीमों को पुरस्कार दिया।