सांबा। जिले के रानी सुचेत सिंह मिनी स्टेडियम में जेके यूटी स्पोर्ट्स काउंसिल व जेएंडके टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन के सहयोग से जिला सांबा टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन की तरफ से तीन दिन चलने वाली चैंपियनशिप रविवार को संपन्न हो गई। फाइनल मैच संगवाली मंडी व गुड़ा सलाथिया के बीच खेला गया। इसमें संगवाली मंडी ने गुड़ा सलाथिया को आखिरी ओवर में सभी खिलाड़ियों को आउट कर 8 रन से मैच जीतकर ट्राफी पर कब्ज कर लिया।
मैच के शुरूआत में संगवाली मंडी ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी कर 8 ओवर में 43 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुड़ा सलाथिया की टीम के सभी खिलाड़ी आखिरी ओवर में आउट हो गए, जिससे टीम 35 रन पर ही सिमट गई। इससे संगवाली मंडी ने 8 रन से जीत कर चैंपियनशिप अपने नाम कर ली। वहीं टूर्नामेंट में केहली मंडी के सरपंच रविंद्र सिंह लवलू विशेष अतिथि रहे। जबकि सांबा टेनिस बाल क्रिकेट एसोसिएशन के प्रधान संदीप संबयाल भी मौजूद रहे। इस अवसर पर सुरिंदर सिंह, शक्ति सिंह, लक्की संबयाल, शशि चिब, रौनी व डिग्गू सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित थे।