ज्यौड़ियां। चौथे नवरात्र पर पीरबाबा के नाम पर रविवार को महा दंगल का आयोजन किया गया। पहली माली का मुकाबला 21 हजार रुपये के लिए हुआ। इसको अमृतसर के पहलवान बसंत तथा सुमित हरियाणा रोहतक के बीच कराया गया। दोनों पहलवानों की काफी मशक्कत के बाद बराबरी पर छूटी। इनाम की राशि दोनों पहलवानों के बीच बांट दी गई।
जानकारी के अनुसार खौड़ के गांव मट्टु में वार्षिक दंगल हुआ। इसका नेतृत्व दंगल कमेटी के चेयरमैन व पूर्व पंच सुदेश सिंह चौधरी ने किया। दंगल में ढाई लाख रुपये की 70 कुश्तियां हुईं। जिनका लोगों ने खूब लुत्फ उठाया। 21 हजार रुपये के लिए बड़ी माली का मुकाबला ढेरा बाबा नानक के राजा पहलवान तथा पटियाला के हरप्रीत के बीच हुआ, जिसे राजा पहलवान ने कड़े संघर्ष के बाद जीत कर दंगल पर कब्जा किया। दूसरी माली का मुकाबला पंजाब लुधियाना लीला तथा दिल्ली के जगीरा पहलवान के बीच हुआ। इसको लुधियाना के लीला पहलवान ने जीत कर 15000 रुपये का इनाम जीता।
तीसरा मुकाबला परगवाल के संजय पहलवान तथा जम्मू के कुलबीरा पहलवान के बीच कराया गया, जिसमें संजय पहलवान ने कुलबीरा पहलवान को पटखनी देकर 11 हजार रुपये का इनाम हासिल किया।
इस अवसर पर दंगल कमेटी मट्टू ने पहलवानों तथा दर्शकों का धन्यवाद किया। इस अवसर पर गांव मट्टू निवासी पूर्व पंच नरायाण सिंह, संदीप मट्टू, अवतार सिंह मट्टू, बिशन सिंह मजोत्रा, सूरम सिंह मट्टू, बिल्ला चौधरी सहित गांव के कई लोगों ने दंगल को कामयाब बनाने के लिए सेवाएं दीं।
रेहाल में वार्षिक दंगल का आयोजन
बिश्नाह। क्षेत्र के गांव रेहाल में रविवार को वार्षिक दंगल का आयोजन किया गया। इसमें दूसरे राज्य से आए पहलवानों ने दावं पेंच दिखाते हुए कई पुरस्कार जीते। दंगल का मुख्य मुकाबला पंजाब के सूखा पहलवान व जम्मू के कुलवीर के बीच मुकाबला हुआ। इसमें कुलवीर ने जीत दर्ज की। दूसरा पुरस्कार बिश्नाह के कालू पहलवान ने जीता। उन्होंने हिमाचल के विकास को हराया। दंगल के मुख्यातिथि पूर्व विधायक अश्वनी शर्मा थे। जिन्होंने विजेता उप विजेता पहलवानों को पुरस्कार बांटे। इस मौके पर सरपंच अनिल शर्मा, पंच नंबरदार गणमान्य लोगों के अलावा सैकड़ों दर्शक मौजूद थे। संवाद