-भगवान श्री जगन्नाथ यात्रा भी निकाली, श्रद्धालुओं ने लगाए जय श्रीराम के जयकारे
संवाद न्यूज एजेंसी
अखनूर। कस्बे के प्राचीन कामेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे अति महारूद्र यज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा से पूर्व शुक्रवार को भव्य भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा के साथ कलश यात्रा का आयोजन किया गया। कलश यात्रा श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास की अगुवाई में निकाली गई।
कामेश्वर मंदिर से निकली कलश यात्रा कामेश्वर मार्केट, निर्दोष चौक, बस अड्डा और मेन बाजारों से होकर गुजरी। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान का गुणगान किया। प्राचीन कामेश्वर मंदिर से निकाली कलश यात्रा में महिला श्रद्धालुओं ने कलश सिर पर उठाकर चिनाब नदी का पवित्र जल कलशों में भरकर यज्ञशाला में लाया। इस बीच निकाली भगवान श्री जगन्नाथ यात्रा में श्रद्धालुओं ने भगवान के नाम का जाप किया। जय श्रीराम के जयकारे लगाए गए।
श्री 1008 महामंडलेश्वर महंत रामेश्वर दास ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के पावन अवसर के उपलक्ष्य में ऐतिहासिक कामेश्वर महाराज जी के मंदिर परिसर में पहली मार्च से अति महारूद्र यज्ञ के भव्य आयोजन के साथ श्रीमद्भागवत कथा शुरू होगी। इसमें डॉ. सत्यनारायण दास श्रद्धालुओं को कथा सुनाकर निहाल करेंगे। इस बार भी महाशिवरात्रि पर्व पर भव्य मेला करवाया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए पूरी व्यवस्था मंदिर के सेवकों द्वारा की जाएगी। महारूद्र यज्ञ के समापन समारोह पर भंडारा करवाया जाएगा। कलश यात्रा के दौरान संत डॉ. सत्यनारायण दास, पूर्व विधायक राजीव शर्मा, रशपाल मगोत्रा, विकास चौधरी, रविंदर, घनश्याम, गोपाल शर्मा, जगदीश भगत, मास्टर सुरिंदर, रंजीत सिंह, सनदीप सिंह आदि श्रद्धालु उपस्थित थे।