-स्वास्थ्य कर्मियों ने केंद्रों में शौचालय, पानी व बिजली कटौती की समस्या का मुद्दा उठाया
संवाद न्यूज एजेंसी
बिश्नाह। डीडीसी धर्मेंद्र कुमार ने शुक्रवार को गांव बाना चक, रत्नाल, खैरी, लसबाडा और मखनपुर के सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। केंद्रों में चिकित्सा अधिकारियों को आ रही समस्याओं और लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य अधिकारियों ने केंद्रों में शौचालय, पानी, बिजली कटौती की समस्या का मुद्दा उठाया। डीडीसी ने लोगों की शिकायतें भी सुनीं।
डीडीसी ने बताया कि मोदी सरकार जम्मू-कश्मीर के लोगों को उनके दरवाजे पर ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए प्रतिबद्ध है। लोगों को बेहतर और निशुल्क चिकित्सा मिले, इसके लिए आयुष्मान योजना सहित अन्य योजनाओं की शुरुआत की गई है। लोगों को सस्ती दवाइयां देने के लिए जन औषधि केंद्र खोले गए हैं। मोदी सरकार पंचायतों में चल रहे छोटे स्वास्थ्य केंद्रों का भी कायाकल्प करने जा रही है। उसी कड़ी के तहत स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। उनके साथ बीएमओ बिश्नाह डॉ. शमीम अहमद चौधरी, डॉ. सुरजीत भगत और बिश्नाह लोक निर्माण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।