जम्मू यूनिवर्सिटी में अब सोलह सितंबर को आयोजित होने वाले विशेष दीक्षांत समारोह के लिए तैयारियां शुरू हो गई है। इस विशेष दीक्षांत समारोह के लिए अभी से यूनिवर्सिटी कैंपस में सरगर्मी तेज हो गई है। वर्ष-2006 से लेकर वर्ष-2012 के उत्तीर्ण मेधावी विद्यार्थियों को सोलह सितंबर को यूनिवर्सिटी कैंपस स्थित जनरल जोरावर सिंह आडीटोरियम में पीएचडी उपाधियों तथा स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक अभी हाल ही में संपन्न यूनिवर्सिटी के चौदहवें दीक्षांत समारोह की कोर कमेटी सदस्य तथा कन्वीनर आदि पूर्ववत रहेंगे। विद्यार्थियों की संख्या पहले लगभग 1100 बताई जा रही थी लेकिन यह संख्या बढ सकती है। विशेष दीक्षांत समारोह के लिए चांसलर ने चौदहवें दीक्षांत समारोह के दौरान अपने भाषण में कहा था कि सोलह सितंबर को सुबहदिन भर का कार्यक्रम होगा, जिसमें विद्यार्थियों को पीएचडी उपाधि एवं गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे।
समारोह के दौरान यूनिवर्सिटी के चांसलर एनएन वोहरा मुख्य अतिथि होंगे, जबकि विशेष रूप से प्रो चांसलर उमर अब्दुल्ला भी मौजूद होंगे, जिनके द्वारा मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक सहित सम्मानित किया जाएगा। पीएचडी उपाधि हासिल करने वाले विद्यार्थियों को भी डिग्री प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा। इस संबंध में रजिस्ट्रार प्रो. मनोज धर का कहना है कि स्पेशल दीक्षांत समारोह के लिए अब तैयारियां आरंभ कर दी गई हैं।