नगर निगम टाउन हाल में वीरवार की दोपहर एक बजे उस समय हंगामा हो गया, जबकि ट्रेजरी अफसर की गाड़ी का शीशा पत्थर मारकर तोड़ दिया गया। इस घटना में चालक बाल-बाल बचा है।
ट्रेजरी अफसर का आरोप है कि नगर निगम कमिश्नर के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया गया है। उन्होंने पीएसओ से पहले कार के टायरों की हवा निकालने के लिए कहा फिर पत्थर मारने के लिए कहा था।
ट्रेजरी अफसर रियाज हुसैन के मुताबिक उन्होंने हरि मार्केट पुलिस को लिखित शिकायत दे दी है। इसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि नगर निगम कमिश्नर ने अपने पीएसओ से कहा इस पूरी घटना को अंजाम दिया गया।
उनके कहने पर ही किसी ने उनकी गाड़ी (जेके 02 एएफ 4560) पर पत्थर मारकर शीशे तोड़ दिए। इस घटना में उनका चालक मुनीर हुसैन बाल-बाल बचा।
घटना की सूचना मिलते ही वह आफिस से बाहर आए और देखा कि कार के शीशे तोड़ दिए गए हैं। पुलिस ने जांच शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ट्रेजरी अफसर की गाड़ी नगर निगम आफिस के गेट के सामने खड़ी थी।
जहां से लोगों को गुजरने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में नगर निगम कमिश्नर आईं। उन्होंने देखा कि ट्रेजरी अफसर की गाड़ी यहां पर कैसे खड़ी है।
तभी उन्होंने पीएसओ से गाड़ी को वहां से हटाने के लिए बोला, लेकिन गाड़ी लॉक थी, जिस पर कमिश्नर भड़क गई और उन्होंने पहले टायर की हवा निकालने के लिए कहा फिर शीशा तोड़कर गाड़ी को साइड में लगाने को कहा था।
इस संबंध में नगर निगम कमिश्नर मंदीप कौर से बात की गई तो उन्होंने बैठक में व्यस्तता बताते हुए कोई जवाब नहीं दिया।
नगर निगम टाउन हाल में ट्रेजरी अफसर की कार को पत्थर मारकर तोड़ने की घटना हुई तो कुछ ही मिनटों के बाद सफाई कर्मियों ने ट्रेजरी अफसर के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामा होने पर ट्रेजरी का काम ठप कर दिया।
ट्रेजरी के मुलाजिम भी मार्केट चौकी जा पहुंचे। जरनैल खोखर, सन्नी गिल और संजू बूरट के नेतृत्व में सफाई कर्मियों ने ट्रेजरी अफसर के खिलाफ प्रदर्शन किया। कार के शीशे तोड़े जाने को लेकर पहले से ही स्थिति तनावपूर्ण बनी थी।
नेताओं ने ट्रेजरी अफसर के सामने अपनी बात रखते हुए कहा कि पिछले छह माह से उनका जीपी फंड का पैसा नहीं मिला है। उनका का आरोप है कि पैसे ट्रेजरी में आ चुके हैं, लेकिन उन्हें जानबूझकर नहीं दिए जा रहा है।
इसके जवाब में ट्रेजरी अफसर ने सभी मुलाजिमों को फाइनेंस विभाग या संबंधित मंत्रियों से मिलने की सलाह दी है। सिटी थाने की एसएचओ शक्ति शर्मा के मुताबिक सूचना मिलते ही वह मार्केट चौकी इंचार्ज को साथ लेकर मौके पर गई थी, वहां ट्रेजरी अफसर ने घटना संबंधी लिखित में शिकायत दर्ज करवाई है।
नगर निगम कमिश्नर ने भी शिकायत देते हुए अवैध पार्किंग का हवाला दिया है कि लोग अनावश्यक तरीके से उनके दफ्तर के सामने वाहन खड़े करते हैं। दोनों की शिकायत मिलने के बाद जांच जारी है।