मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले जवान
- फोटो : PTI
उत्तरी कश्मीर के सीमांत जिला कुपवाड़ा के लोलाब में बुधवार को भी सुरक्षा बलों का आतंकियों के खिलाफ अभियान जारी रहा। आशंका है कि इलाके में कुछ और आतंकी छिपे हो सकते हैं। इससे पहले मंगलवार की रात में एक आतंकी को मार गिराया गया था।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की देर शाम को एक सूचना के आधार पर सेना की 18 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस के स्पेशल आपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने रंगवन क्षेत्र के वारनो गांव में आतंकियों के खिलाफ संयुक्त अभियान छेड़ा था।
इस दौरान आतंकियों ने अपने को घिरा देखकर सुरक्षा बलों पर फायरिंग शुरू कर दी और सुरक्षा घेरा को तोड़ कर भागने का प्रयास किया। इस मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को एक आतंकी को मार गिराने में सफलता हाथ लगी। मारे गए आतंकी के पास से एक एके-47 रायफल और गोला बारूद बरामद हुआ है।
सूत्रों के अनुसार मारा गया आतंकी विदेशी मूल का है और आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से संबंधित था। लोलाब के अलावा कुपवाड़ा जिले के एलओसी से सटे कई अन्य इलाकों में भी आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। आशंका है कि हाल में कुछ आतंकी घुसपैठ करने में सफल हुए हैं।