- कर्नल संजीव सिंह जम्वाल ने विजय दिवस समारोह के लिए साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी
लेह/जम्मू।
एजेंसी
24वें कारगिल विजय दिवस मनाने के उपलक्ष्य में सेना ने बुधवार को एक साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाई। यह साइकिल दल आठ दिन में लेह से द्रास तक 270 किलोमीटर की दूरी तय करेगा और लोगों को कारगिल के शहीदों की वीरगाथा बताएगा। बता दें कि 1999 के कारगिल युद्ध में पाकिस्तान पर भारत की जीत के रूप में हर साल 26 जुलाई को विजय दिवस के रूप में मनाया जाता है।
लेह स्थित फायर एंड फ्यूरी कोर की तरफ से आयोजित बत्रा-जामवाल साइकिल रैली को कर्नल संजीव सिंह जम्वाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सेना के प्रवक्ता ने बताया कि आठ दिन में फॉरएवर इन ऑपरेशंस डिवीजन के 19 बहादुर सैनिकों की टीम कारगिल के बहादुरों की अदम्य भावना का अनुकरण करेगी। कारगिल युद्ध के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले सैनिकों के दृढ़ संकल्प और धैर्य को बताने के लिए साइकिल रैली का आयोजन किया गया है। रैली के दौरान सैनिक स्कूली बच्चों के साथ बातचीत करेंगे और उन्हें कारगिल युद्ध के बहादुरों की वीरता से अवगत कराएंगे और सेना में शामिल होने के लिए विभिन्न योजनाओं की जानकारी देंगे।