जम्मू। बिजली खर्च घटाने और ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए जम्मू कश्मीर ऊर्जा विकास एजेंसी (जकेडा) और स्मार्ट सिटी कंपनी संयुक्त रूप से काम में जुटी है। पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर में सौर पैनल लगाने की परियोजना शुरू की गई है। एक साल से चरणों के मुताबिक काम चल रहा है जो अंतिम दौर में पहुंच चुका है। अधिकारियों का दावा है कि परियोजना पूरी होने के बाद सरकारी विभागों को सालाना लगभग 5.36 करोड़ रुपये की बचत होगी। सौर ऊर्जा के जरिये बिजली बचाने के साथ-साथ राजस्व बढ़ाया जाएगा। यही नहीं, बिजली प्रभावित होने की सूरत में लोगों के काम में किसी प्रकार में दिक्कत नहीं आएगी। आला अधिकारियों के अनुसार बचे हुए पैसों को भी जन भलाई के कार्यों में ही खर्च किया जाएगा।
सौर पैनल लगाने का कार्य अप्रैल 2022 में शुरू हुआ था, जिसके इस साल के अंत तक खत्म होने की संभावना है। जम्मू नगर निगम के अंतर्गत 211 अलग-अलग विभागों की छतों पर सौर पैनल लगाए जा रहे हैं। शैक्षिक एवं चिकित्सा संस्थानों की छतों पर 600 किलो वॉट के सौर पैनल लगाए गए हैं। जेकेटीडीसी के कार्यालय की छतों पर 830 किलो वॉट लगाए गए। सबसे ज्यादा किलो वॉट यानी 1069 किलो वॉट सौर पैनल जम्मू विश्वविद्यालय की छत पर स्थापित किए जा रहे हैं। इसका कारण जम्मू विवि में छात्र-छात्राओं की पढ़ाई में दिक्कत दूर करना है।
परियोजना पर लगभग 31 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे है। इसके पूरा होने के बाद 6.8 मेगावॉट बिजली विभागों को मिलेगी। जकेडा के आला अधिकारियों के अनुसार पूरे साल 89,35,200 यूनिट किलो वॉट बिजली की बचत होगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ग्रीन इंडिया क्लीन इंडिया की नीति के तहत काम किया जा रहा है। परियोजना की शुरुआत पल्ली गांव से हुई थी, जो जल्द पूरे शहर को कवर करेगी।
परियोजना से आने वाले समय में फायदा होगा। न सिर्फ बिजली बचेगी बल्कि उत्पादन भी होगा। इससे बिजली की कमी भी नहीं रहेगी
- राहुल यादव, सीईओ, स्मार्ट सिटी कंपनी