पुंछ। जिले के निचले क्षेत्रों में हो रही भारी बारिश से अचानक मौसम ने करवट बदली है। बारिश से तापमान में भारी गिरावट आने से जो लोग कल तक ठंडे कपड़ों में थे बुधवार को उन्हें गर्म कपड़े पहनने पड़े। मंगलवार रात से लगातार हो रही बारिश से जहां आम लोग परेशान होकर कह रहे हैं कि इस बार जिले में सर्दी का आगाज काफी जल्दी हो गया है।
पिछले वर्ष नवंबर के आखिरी सप्ताह में पहली बारिश और बर्फबारी हुई थी। इस बार नवंबर के पहले सप्ताह में हो रही भारी बारिश ने हमारी कंपकंपी छुड़ा दी है। हमें लगता है कि आज से ही यहां सर्दी का आगाज हो गया है। वहीं जिले के किसानों में इस जोरदार बारिश से खुशी की लहर दौड़ गई है। किसानों का कहना है कि समय पर बारिश होने से उन्हें गेहूं की बुआई करने के लिए खेतों में पर्याप्त मात्रा में नमी हो गई है और अब हम समय पर बुआई कर अच्छी फसल का उत्पादन कर सकते हैं। गौरतलब है कि मंगलवार देर रात्रि पुंछ जिले के निचले क्षेत्रों पुंछ नगर, मंडी, सुरनकोट और मेंढर में पहले आंधी चलने लगी, जिससे मेंढर में कुछ घरों की छतों पर रखी टीन की चादरें तक उड़ गई। इस बीच बारिश होने लगी थी, जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के भी समाचार प्राप्त हुए हैं। देर रात से जारी बारिश बदस्तूर जारी रही। उसके चलते देर शाम से ही पुंछ के बाजारों में दुकानदार दुकानों के आगे आग जला कर सेंकते नजर आए। दुकानदार मोहम्मद अमीन, मोहम्मद इद्रीस और रियाज अहमद का कहना है कि यह पहला मौका है जब पहली ही बारिश से इस कदर सर्दी हो गई है।
जिले में पहली बर्फबारी से ठंड बढ़ी
शहरी क्षेत्र में बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट
अमर उजाला ब्यूरो
राजोरी। जिले के विभिन्न इलाकों में मंगलवार रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला बुधवार दिन भर जारी रहा। दिन में रुक रुक कर बारिश जारी रही। दूसरी तरफ पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी हुई, जिससे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। शाम चार बजे तक हुई बारिश से शहर अस्त व्यस्त हो गया। बारिश के साथ ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आने से शहर के अलावा आसपास के इलाकों में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। ठंड से बचने के लिए लोगा घरों में दुबके रहे। और गर्म कपड़े व जैकेट का सहारा लेना पड़ा। समाचार लिखे जाने तक भारी बारिश का सिलसिला जारी रहा। उधर जिले के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि और पीर पंजाल के ऊंचे पहाड़ों पर सीजन की पहली बर्फबारी होने से पहाड़ी इलाकों में कड़ाके की ठंड का अहसास किया जा रहा है।
जिले के थन्ना मंडी, कोटरंका, दरहाल, बुद्धल और कालाकोट में पीर पंजाल के पहाड़ों पर बर्फबारी होने और निचले इलाकों में ओलावृष्टि व बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट आने से सर्दी महसूस की जा रही है।
-----
बिजली की आंख मिचौली से हुई परेशानी
मंगलवार की रात बारिश शुरू होते ही बिजली गुल होने से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गई। बिजली आपूर्ति बुधवार शाम तक भी सुचारु नहीं हो पाई। पांच बजे के बाद भी बिजली की आंख मिचौली जारी रही, जिससे लोगों की परेशानी और भी बढ़ गई। जिले के पहाड़ी इलाकों में पिछले करीब 18 घंटे से लगातार बिजली बंद रही। इससे भी लोग काफी परेशानी
-------
बारिश के चलते कई जगह यातायात रहा ठप
भारी बारिश के चलते कोटरंका सब डिवीजन के तहत पड़ने वाले गांव मोगला, तरयाठ, बडाल, दलहेरी, गदयोग के अलावा बुद्धल के गब्बर, बथान को जोड़ने वाली सड़क पर हल्की पस्सियां गिरने से यातायात दिन भर ठप रहा। इस कारण भी लोगों को कई प्रकार की दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के चलते पस्सियां हटाने का काम नहीं हो सका, और समाचार लिखे जाने तक यातायात ठप रहा।