बरामद नशे का सामान व अन्य सामग्री...
- फोटो : अमर उजाला
भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के अरनिया सेक्टर में नशीले पदार्थ और हथियारों की तस्करी की बड़ी कोशिश को बीएसएफ ने नाकाम कर दिया। बीएसएफ के मुस्तैद जवानों ने शनिवार की रात हथियारों के साथ 62 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।
आईजी बीएसएफ एनएस जमवाल ने बीएसएफ की बुधवार पोस्ट पर प्रेसवार्ता में बताया कि शनिवार रात करीब दो बजे सीमा पर तैनात जवानों ने पाकिस्तान की तरफ से 3-4 लोगों के एक समूह की हरकत देखी। यह लोग भारतीय सीमा की ओर बढ़ रहे थे।
इनके हाथ में प्लास्टिक पाइप सहित अन्य सामान था। बुधवार व बुल्लेचक पोस्ट पर तैनात बीएसएफ के जवानों ने आवाज देकर सवाल किया तो पाकिस्तान की तरफ से फायरिंग की शुरू हो गई।
बीएसएफ की जवाबी फायरिंग पर पाकिस्तान की ओर से आए लोग सामान छोड़कर वापस भाग गए। पूरी रात उस क्षेत्र की घेराबंदी कर सुबह तलाशी में पांच इंच मोटी और करीब 20 फीट लंबी एक प्लास्टिक पाइप मिली।
इस पाइप के अंदर छोटे-छोटे 62 पैकेट थे। जांच करने पर पैकेट से 62 किलोग्राम वजन की हेरोइन निकली। इसके अलावा चीन निर्मित दो पिस्तौल, तीन मैगजीन व सौ राउंड भी बरामद हुए। आईजी ने कहा कि जवानों की मुस्तैदी ने नशा और हथियार तस्करों के मंसूबे नाकाम किए हैं। पाकिस्तानी रेंजरों के साथ इस घटना को लेकर कड़ा विरोध जताया जाएगा।
पाकिस्तान से जताया कड़ा विरोध
बीएसएफ के महानिरीक्षक ने बताया कि उनका बल पाकिस्तान के सामने कड़ा विरोध दर्ज करा रहा है। उन्हें उम्मीद है कि इस विफ ल तस्करी प्रयास में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में 300 रुपये कीमत: एसएसपी
जब्ती का निरीक्षण करने पहुंचे जम्मू के एसएसपी श्रीधर पाटिल ने कहा कि इस खेप की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 300 करोड़ रूपये है। हम इसे पाकिस्तान के सहयोग से चलने वाले नारको टेररज्मि के रूप में देखते हैं। हम पिछले दो सालों में पाकिस्तान से मादक पदार्थों की तस्करी के कई प्रयासों को विफ ल कर चुके हैं। वे हमारे युवकों की जिंदगी बर्बाद करने के लिए मादक पदार्थ भेज रहे हैं लेकिन हम इस खतरे के प्रति चौकस हैं।