चोरी में इस्तेमाल हुआ वाहन जब्त, पांच मवेशी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
ज्यौड़ियां। अखनूर और खौड़ क्षेत्र में मवेशी चोरी की शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए रविवार रात को पुलिस ने नारायणा चौक से पांच मवेशी चोरों को गिरफ्तार किया है। साथ ही चोरी किए पांच मवेशी और इसके लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक वाहन को भी जब्त किया।
पुलिस के अनुसार मवेशी चोरों को पकड़ने के लिए नारायणा चौक पर एक विशेष नाका लगाया गया था। यहां जांच के लिए एक महिंद्रा बोलेरो (जेके02डीएफ-9608) को रोका गया। इसमें मौजूद मवेशी चोरों ने पुलिस पर पत्थरों और लाठियों से हमला कर भागने की कोशिश की। लेकिन, पुलिस ने सभी आरोपियों को पकड़ लिया। वाहन से एक तेजधार हथियार टोका भी बरामद हुआ। आरोपियों की पहचान राज अली उर्फ कालू गुज्जर निवासी प्रांगला खौड़, बुला शाह निवासी चराला कोट रियासी, लियाकत अली निवासी राजपोरा कानाचक्क, हुसैनदीन निवासी कल्याणपुर कानाचक्क, मुश्ताक अली निवासी कानाचक्क के रूप में हुई है। इनमें से राज अली कुख्यात पशु चोर है। उसके खिलाफ क्षेत्र के पुलिस स्टेशनों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस ने बताया कि जांच जारी है। उक्त मामले में और भी गिरफ्तारियां होने की उम्मीद है।