जम्मू। शहर में 70 करोड़ के स्मार्ट बस स्टैंड में यात्रियों को अव्यवस्थाओं से दो-चार होना पड़ रहा है। बदहाली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि स्वच्छ और शीतल पेयजल का प्रबंध नहीं है। दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल और राजस्थान जैसे विभिन्न राज्यों से रोजाना करीब 250 बसों के माध्यम से पहुंचने वाले 50,000 श्रद्धालु और पर्यटक बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। यात्रियों को जेब ढीली कर रोजाना करीब 90,000 रुपये का बोतल बंद पानी खरीदकर प्यास बुझानी पड़ रही है।
एक तरफ जहां अंतरराज्यीय स्तर के नए परिसर में बुनियादी सुविधाओं का अकाल है वहीं दूसरी तरफ जेडीए प्रशासन की एक और बड़ी लापरवाही सामने आई है। फाइलों में कंडम घोषित हो चुका पुराना बस स्टैंड आज भी जस का तस खड़ा है जो कभी भी गिर सकता है। जर्जर ढांचे के नीचे और आसपास 95 दुकानें धड़ल्ले से सज रही हैं। यहां रोजाना आने वाले हजारों श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय दुकानदारों की जिंदगी हर समय दांव पर लगी हुई है लेकिन प्रशासन किसी बड़े हादसे के इंतजार में हाथ पर हाथ धरे बैठा है।
मां वैष्णो देवी सहित धार्मिक व पर्यटन स्थलों के लिए देश के अलग-अलग राज्यों से बसों में यात्री पहुंच रहे हैं। इन यात्रियों के लिए बस स्टैंड जम्मू का प्रवेश द्वार है लेकिन यहां उतरते ही उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मूलभूत सुविधा के नाम पर केवल शौचालय की व्यवस्था है जिसकी स्थिति भी बेहद दयनीय है। पुराने और कंडम हो चुके बस स्टैंड परिसर में पीने के पानी के एटीएम और वाटर कूलर तो लगाए गए हैं लेकिन रखरखाव के अभाव में सभी बंद पड़े हैं।
-
हम स्मार्ट सिटी के बड़े दावे सुनकर बच्चों के साथ यहां आए थे। भीषण गर्मी में पीने के लिए पानी का एक नल तक चालू नहीं है। 20 रुपये लीटर वाली पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही है।
-बलराम मकौल, श्रद्धालु
अतिथि देवो भव: की संस्कृति वाले देश में आस्था के केंद्र पर आने वाले श्रद्धालुओं को पानी जैसी बुनियादी सुविधा के लिए तरसाया जा रहा है। पूरा सिस्टम ही रामभरोसे चल रहा है।
पवन रंगा, श्रद्धालु
परिवार के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए आए हैं। बस स्टैंड पर उतरते ही बच्चों को प्यास लगी। पूरे परिसर में साफ पानी का नल नहीं मिला।
जयपाल सभरवाल, श्रद्धालु
स्मार्ट बस स्टैंड पर यात्रियों और पर्यटकों की सुविधाओं का ख्याल रखा जा रहा है। कुछ काम बाकी हैं और कुछ चल रहे हैं। यात्रियों के लिए जल्द ही पानी की व्यवस्था कराई जाएगी।
रूपेश, वीसी, जम्मू डेवलपमेंट अथॉरिटी
बलराम मकौल, श्रद्धालु। संवाद- फोटो : samvad
बलराम मकौल, श्रद्धालु। संवाद- फोटो : samvad
बलराम मकौल, श्रद्धालु। संवाद- फोटो : samvad
बलराम मकौल, श्रद्धालु। संवाद- फोटो : samvad
बलराम मकौल, श्रद्धालु। संवाद- फोटो : samvad