-राज्य जांच एजेंसी ने कई डिजिटल उपकरण और दस्तावेज किए जब्त
-म्यांमार व बांग्लादेश से विदेशी नागरिकों की तस्करी मामले में की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) कश्मीर ने अंतरराष्ट्रीय मानव तस्करी के मामले में वीरवार को श्रीनगर शहर में 18 ठिकानों पर छापे मारे। श्रीनगर पुलिस के साथ एसआईए की विशेष टीमों ने इन ठिकानों पर गहन पड़ताल कर विभिन्न एचआर कंसल्टेंसी से मोबाइल फोन, कंप्यूटर व अन्य डिजिटल उपकरणों के अलावा पहचान पत्र, बैंकों से जुड़े दस्तावेज, रजिस्टर व अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज जब्त किए हैं।
जानकारी के अनुसार, म्यांमार और बांग्लादेश से भारतीय क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की अवैध तस्करी से संबंधित मामले में यह कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया है कि रोजगार देने की आड़ में कमजोर विदेशी नागरिकों की भारत में तस्करी की जाती है। जम्मू-कश्मीर में लाने के बाद उन्हें अवैध मानव संसाधन एजेंसियों व परामर्शदाताओं को बेच दिया जाता है। ये एजेंसियां फिर इन्हें घरेलू सहायकों और बच्चों की देखभाल करने जैसी नौकरी के अवसरों की आड़ में आगे बेच देती हैं, जिससे अकसर यौन शोषण किया जाता है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, श्रीनगर में की गई कार्रवाई को जम्मू-कश्मीर में आतंकी पारिस्थितिकी तंत्र को खत्म करने और प्रदेश में सक्रिय अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों के भयावह एजेंडे को उजागर करने में एजेंसी के प्रयासों की एक कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है।
तस्करी आतंकवादी संगठनों की रची साजिश का हिस्सा
यह नापाक साजिश सीमा पार से कुख्यात मानव तस्करों के साथ मिलकर अंतरराष्ट्रीय आतंकवादी संगठनों द्वारा रची गई एक व्यापक साजिश का हिस्सा है। ये समूह अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के पार विदेशी नागरिकों की घुसपैठ की सुविधा प्रदान करते हैं। इसमें जाली भारतीय दस्तावेजों के साथ उनकी मूल पहचान छुपाई जाती है, जिनका अंतिम उद्देश्य केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी कृत्यों की सहायता, निष्पादन या स्लीपर सेल स्थापित करना है।