अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। लंबी कतारें, हाथों में प्रवेश पत्र और मन में सपने सच करने का जोश। ऐसा नजारा था पुलिस मुख्यालय की गुलशन ग्राउंड का, जहां जम्मू-कश्मीर पुलिस में सब इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा के तहत शारीरिक दक्षता परीक्षण हो रहा था। मंगलवार को अंतिम दिन 741 महिला उम्मीदवारों ने भाग लिया। इनमें 406 महिलाओं ने दौड़ और शॉटपुट की चुनौती को पार किया।
मंगलवार सुबह 8 बजे ही मुख्य द्वार पर उम्मीदवार पहुंच गई थीं। पुलिस की वर्दी पहनने के लिए उत्साह ऐसा था कि कतारों के बीच महिलाएं वर्कआउट करती दिखीं। कोई खड़े होकर दौड़ (जॉगिंग) कर रही थीं, तो कोई पुशअप्स कर रही थीं। करीब नौ से साढ़े 9 बजे के बीच पहले बैच को महिला पुलिस कर्मियों ने मैदान में बुलाया। इसके बाद क्रमवार प्रक्रिया चली। यह सिलसिला दोपहर 3 बजे के आसपास जारी रहा। महिलाओं ने साढ़े छह मिनट में 1000 मीटर की दौड़ को पूरी करना था। ऊंचाई 5.2 इंच रखी गई थी, जबकि शॉटपुट थ्रो में भी सफल होना था। जम्मू, कठुआ, सांबा, राजोरी, पुंछ, डोडा, रियासी, रामबन, उधमपुर और कुछ कश्मीर संभाग से महिला उम्मीदवार आई थीं।
इससे पहले 1200 पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा हुई थी, जिनमें 7600 उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षण के लिए चुना गया था। 9 दिन तक चले परीक्षण में 2500 उम्मीदवारों का चयन हुआ। कश्मीर संभाग में हुए शारीरिक परीक्षण में 32 महिला उम्मीदवारों में से 11 सफल रहीं। अब 21 दिसंबर से दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, शारीरिक परीक्षण में सबसे ज्यादा उम्मीदवार दौड़ में असफल रहे, जबकि ऊंचाई और पुशअप्स में भी कइयों के हाथ मायूसी लगी। यही नहीं, लिखित परीक्षा में सबसे ज्यादा अंक लाने वाले उम्मीदवार शारीरिक दक्षता परीक्षण में असफल हो गए।
आरएफडी जैकेट पहन कर दौड़े उम्मीदवार
शारीरिक परीक्षण में पहली बार आरएफडी जैकेट का उपयोग किया गया था। खास बात यह थी कि जैकेट में चिप लगी होती है जो कंप्यूटर से कनेक्ट होती है। इससे उम्मीदवार की शारीरिक गतिविधि की जानकारी ऑनलाइन पहुंचती है।