दक्षिण कश्मीर में बंद के बाद सोमवार को रेल सेवा ठप रहेगी। इन दिनों घाटी में हालात खराब चल रहे हैं। अप्रिय घटना से बचने के लिए बनिहाल-श्रीनगर रेल सेवा को बाधित रखने के आदेश दिए गए हैं।
डिविजनल सिक्योरिटी कमिश्नर आरपीएफ बड़गाम के अनुसार घाटी में रेल सेवा ठप रहेगी। हालात ठीक होने के बाद ही रूटीन में ट्रेनें चल पाएंगी। बारामुला से श्रीनगर के बीच रूटीन में ट्रेनें चलेंगी। दक्षिण कश्मीर में चल रही समस्या के चलते यह फैसला लिया गया है।
शोपियां के जैनपोरा स्थित सेब के बगीचे (बागान) में अज्ञात विस्फोट के कारण तीन लोग घायल हो गए। पुलिस अनुसार तीनों घायल गुलाम नबी (55), जुबैर अहमद (18), उमर फारूक (190) अपने बगीचे में गए थे। काम करने के दौरान अचानक एक विस्फोट हुआ और तीनों घायल हो गए।
घायलों को अनंतनाग अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस विस्फोटक सामग्री की छानबीन कर रही है। मौके पर फारेंसिक लैब की टीम को भी बुलाया गया है। बम निरोधक दस्ते ने भी जांच की। घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।