संवाद न्यूज एजेंसी
कटड़ा। चैत्र नवरात्र पर मां वैष्णो देवी भवन में भक्तों के स्वागत की तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। इस बार सुबह और शाम को होने वाली अटका आरती में 200 नहीं अब 500 सौ भक्त शामिल हो सकेंगे। संख्या में करीब ढाई गुणा की वृद्धि की गई है। वहीं, यात्रा मार्ग पर एलईडी स्क्रींस लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से ऑनलाइन अटका आरती के दर्शन सहित मां वैष्णो के भजनों को सुनने व देखने का मौका मिलेगा। श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से चैत्र नवरात्र में भक्तों को आकर्षित करने के लिए कई सुविधाएं शुरू की हैं।
सुबह व शाम को होने वाली अटका आरती में बालीवुड के कई प्रसिद्ध गायक अपनी भेंटों के माध्यम से मां का गुणगान करेंगे। इसके साथ ही अटका आरती क्षेत्र का विस्तार किया गया है। पहले के मुकाबले ढाई गुना यात्री इसमें शामिल हो सकेंगे। श्राईन बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग के अनुसार इस बार चैत्र नवरात्र में अटका आरती में प्रसिद्ध गायक सुरेश वाडेकर, मैथली ठाकुर, लखविंद्र वडाली और बलराज सेन सहित लोक गायक मां की महिमा का गुणगान करेंगे। गायकों की प्रस्तुति को भक्त समूचे भवन मार्ग पर लाइव देख सकेंगे। इसके लिए श्राइन बोर्ड की साइट से यात्री सीधे ऑनलाइन बुकिंग करवा सकते हैं और लाइनों में खड़ा होने से बच सकेंगे।
वरिष्ठ नागरिक व दिव्यांगों के लिए काउंटर स्थापित
चैत्र नवरात्र पर वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों को सुविधा प्रदान करने के लिए श्राइन बोर्ड ने निहारिका कांप्लेक्स में विशेष काउंटर स्थापित किया है। एक ओर जहां दिव्यांगों को कई सुविधाएं निशुल्क दी जाएंगी वहीं, वरिष्ठ नागरिक भी इस काउंटर का लाभ उठा सकते हैं। यह काउंटर वरिष्ठ नागरिकों को हेलिकाॅप्टर सेवा, बेटरी कार सेवा, दर्शनों में प्राथमिकता जैसे कार्यों में सहायता प्रदान करेगा। नवरात्र पर्व पर भवन मार्ग पर स्थित भोजनालयों में यात्रियों के लिए फलाहार की भी व्यवस्था रहेगी।
एक ही मंजिल पर मिलेंगी सभी सुविधाएं
बोर्ड के सीईओ अंशुल गर्ग ने बताया कि दुर्गा भवन में रुकने वाले यात्रियों को एक ही मंजिल में सभी प्रकार की सुविधाएं मिलेंगी। निर्मित हाल की वुडन फ्लोरिंग की गई है और यात्री आवश्यकता अनुसार कंबल आदि ले सकते हैं। हर मंजिल पर स्नान व लाॅकर्स की व्यवस्था हैं। यात्रियों को अब सुविधाओं के लिए उपर-नीचे जाने की आवश्यकता नहीं है।
शतचंडी महायज्ञ की तैयारियां पूर्ण
चैत्र नवरात्र में हर वर्ष की तरह इस बार भी मां वैष्णो देवी भवन के प्रांगण में श्रीमाता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से विशाल शतचंडी महायज्ञ का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। भवन में इस विशाल चंडी महायज्ञ में विद्वान पंडितों की अगुवाई में श्राइन बोर्ड की ओर से हवन और पूजा आदि लगातार की जाएंगी।