दिल्ली से कटड़ा जाने वाली श्री शक्ति एक्सप्रेस को शुरू हुए अभी एक सप्ताह भी पूरा नहीं हुआ है और ट्रेन हादसे का शिकार होते-होते बची।
बुधवार सुबह जैसे ही ट्रेन जम्मू से कटड़ा की तरफ बढ़ी तो टनल नंबर 7 में व्हील स्लिप होने के कारण करीब दो घंटों तक वहीं टनल में ही फंसी रही।
रात भर से हो रही बारिश के चलते ट्रैक में फिसलन हो गई जिस कारण यह हादसा हुआ। फिसलन के चलते श्री शक्ति एक्सप्रेस का व्हील फिसल गया और ट्रेन फंस गई।
चढ़ाई के कारण आगे नहीं जा पाई ट्रेन
घटना बुधवार सुबह साढ़े पांच बजे की है। जब श्री शक्ति एक्सप्रेस जम्मू होते हुए उधमपुर से क्रास करके कटरा जा रही थी। ट्रेन ने चकभलवाल स्ट्रेशन क्रास ही किया और टनल नंबर सात में दाखिल हुई।
रात भर हुई बारिश के कारण ट्रेक पर पानी भर गया और पानी ट्रेन के व्हील के सक्शन में घुस गया। इसके चलते ट्रेन के व्हील काम नहीं कर पाए और चढ़ाई होने के कारण ट्रेन आगे नहीं जा सकी।
वहीं पर गश्त कर रही जीआरपी की पेट्रोलिंग टीम ने सूचना कटड़ा स्टेशन मास्टर को दी और कटड़ा स्टेशन से यह सूचना उधमपुर स्टेशन को दी गई।
सुरक्षित हैं सभी यात्री
उधमपुर से पॉवर इंजन को भेजकर ट्रेन को पीछे से धक्का लगाया गया जिसके बाद ट्रेन को टनल से बाहर निकाल कर कटड़ा तक पहुंचाया गया। इस दौरान किसी भी यात्री के घायल होने की कोई खबर नहीं है।
रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित कटड़ा पहुंचा दिया गया है। फिरोजपुर डिविजन के डीआरएम एनसी गोयल का कहना है कि ट्रेन का कटड़ा पहुंचने का समय पांच बजकर दस मिनट का है। ट्रेन पहले से ही 35 मिनट लेट चल रही थी और करीब एक घंटा टनल में फंसे होने के कारण ट्रेन एक घंटा चालीस मिनट की देरी से कटड़ा पहुंची।
उत्तरी रेलवे के प्रवक्ता नीरज शर्मा का कहना है कि ट्रेन के इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन लेट हुई, उन्होंने टनल लाइन में किसी तरह की कोई परेशानी होने की बात से इनकार किया।