अमरनाथ यात्रा के लिए बैंक में पंजीकरण कराते भक्त
- फोटो : अमर उजाला
बम-बम भोले के जयघोष के साथ मंगलवार को श्री अमरनाथ यात्रा 2019 के लिए अग्रिम यात्री पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई। देशभर में 32 राज्यों/केंद्र शासित राज्यों में पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक और येस बैंक की 440 बैंक शाखाओं में यह सेवा दी जा रही है। जम्मू-कश्मीर में 17 बैंक शाखाओं को यात्रियों का पंजीकरण किया जा रहा है। मान्यता प्राप्त चिकित्सा केंद्रों में डाक्टरों से कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) के बाद ही यात्री को पंजीकृत किया जाएगा। पहले दिन विभिन्न बैंक शाखाओं में पंजीकरण के लिए यात्रियों की खासी भीड़ पहुंची।
शहर की विभिन्न बैंक शाखाओं में सुबह और दोपहर के समय में पंजीकरण सुविधा का आगाज किया गया। रिहाड़ी चुंगी स्थित पीएनबी बैंक और रेजीडेंसी रोड स्थित जेएंडके बैंक में यात्रियों की अच्छी खासी भीड़ पहुंची। जेएंडके बैंक के जोनल हेड सुधीर गुप्ता ने बताया कि पंजीकरण के लिए बैंक शाखाओं में विशेष व्यवस्था की गई है। शाम 3 से 6 बजे तक पंजीकरण किए जाएंगे। पहले दिन पंजीकरण करवाने को लेकर यात्रियों में काफी उत्साह था।
इस बार 46 दिन की हो रही यात्रा में यात्रियों की पंजीकरण संख्या बढ़ने की उम्मीद है। श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड पायलट स्तर पर आनलाइन पंजीकरण शुरू करवाने की तैयारी भी कर रहा है। यात्रा अवधि के दौरान प्रतिदिन पारंपरिक पहलगाम-चंदनबाड़ी और बालटाल ट्रैक से 7500-7500 यात्रियों के अलावा पंजतरणी हेलीकाप्टर सेवा से अलग से श्रद्धालुओं को यात्रा की इजाजत होगी। यात्रा के लिए 13 वर्ष से कम और 75 वर्ष से अधिक आयु वाले यात्री को इजाजत नहीं दी जाएगी। यात्रा के सभी एंट्री प्वाइंट पर कड़ाई से जांच की जाएगी।
यात्रियों की क्या-क्या होती है जांच
अस्पतालों में फिट यात्रियों को ही कंपलसरी हेल्थ सर्टिफिकेट (सीएचसी) जारी किए जा रहे हैं। गांधीनगर अस्पताल के अधीक्षक डा. चंद्र प्रकाश ने बताया कि यात्री की स्क्रीनिंग की जाती है, जिसमें उसकी शिनाख्त की जाती है कि उसे हृदय, किडनी, फेफड़ों आदि की बीमारी तो नहीं है। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर के लोगों को रिस्क श्रेणी में रखा जाता है। लेकिन अगर उसकी डायबिटीज और बीपी संतुलित है तो उन्हें फिट श्रेणी में रखा जाता है। यात्री का ईसीजी, छाती का एक्सरे व खून के कुछ टेस्ट करवाए जाते हैं।