- श्री अमरनाथ यात्रियों के लिए 29 जून से शुरू होगी लंगर सेवा
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। आधार शिविर भगवती नगर में श्री अमरनाथ यात्रा की तैयारियां अंतिम चरणों में हैं। एक जुलाई को आधार शिविर से पहला जत्था रवाना होगा। ऐसे में देश भर से लंगर संगठनों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया है। उत्तर प्रदेश और पंजाब से लंगर संगठनों ने यहां पहुंचकर स्टॉल लगाने शुरू कर दिए हैं। 29 जून से लंगर सेवा शुरू कर दी जाएगी।
प्रशासन भगवती नगर में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर यात्रियों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए व्यवस्था कर रहा है। रविवार को तीन से चार लंगर संगठन आधार शिविर में पहुंचे। बुधवार तक सभी संगठनों के पहुंचने की उम्मीद है। आधार शिविर में पहुंचे ज्यादातर लंगर संगठन पांच से 10 सालों से लंगर लगाते आ रहे हैं। इनके सदस्यों ने बताया कि हर साल बाबा बर्फानी के आशीर्वाद से लंगर लगाते हैं। भक्तों को सुबह नाशता, दोपहर में भोजन, शाम को चाय और रात का भोजन करवाया जाता है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक आहार को शामिल किया जाता है। लंगर लगने में प्रशासन की भी अहम भूमिका जबकि सफलता में बाबा बर्फानी के भक्तों का।