सुंदरबनी। नगर में जेके बैंक की मुख्य शाखा में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इसके चलते बैंक का काम दिन भर प्रभावित रहा। हालांकि, कर्मचारियों की तत्परता के कारण कोई नुकसान नहीं हुआ।
वीरवार को सुबह करीब साढे़ 11 बजे बैंक में शॉर्ट सर्किट हुआ, और अचानक आग लग गई। इससे पहले कि आग कोई बड़ा नुकसान करती, बैंक में कार्यरत कर्मचारियों, स्थानीय पुलिस और दुकानदारों को इसकी सूचना मिल गई। सभी लोग बैंक की ओर दौड़े, और आधे घंटे के अंदर ही आग पर काबू पा लिया। इससे बैंक के अंदर कोई खास नुकसान नहीं हुआ।
इस संबंध में शाखा प्रबंधक जोगिंदर खजूरिया का कहना है कि शॉर्ट सर्किट होने के कारण बैंक में अचानक आग लग गई थी। लेकिन, बैंक खुले होने के कारण सभी कर्मचारियों ने पुलिस तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से आग पर काबू पा लिया। आग लगने के कारण कुछ समय के लिए काम प्रभावित रहा। दोपहर तकरीबन तीन बजे के फिर से काम शुरू हो गया था।