-आल नई बस्ती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष बोले- दुकानें पूर्व की तरह खुलेंगी
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। फ्लाईओवर बनाए जाने के बीच में रोड़ा बन रहीं नई बस्ती बाजार की दुकानों को हटाए जाने के मामले में फिलहाल राहत मिल गई है। विधायकों डा. नरेंद्र सिंह रैना व विक्रम रंधावा की तरफ से मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से मुलाकात की गई। इसमें मुख्यमंत्री ने दोनों विधायकों को आश्वस्त किया कि दुकानदारों को जब तक संबंधित जगह पर दुकानें नहीं मिल जातीं तब वह वहीं रहेंगे। उनको नहीं हटाया जाएगा। आल नई बस्ती बाजार एसोसिएशन के अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि फिलहाल दुकानदार अपनी दुकानें खोलेंगे, संकट टल गया है।
नई बस्ती बाजार में पड़ रही 39 दुकानों को फ्लाईओवर बनाए जाने के कारण हटाया जाना है। इनमें से 14 दुकानों को नगर निगम की तरफ से सात दिनों के अंदर दुकानें खाली करने का नोटिस दिया गया था। बीते पांच दिनों से चल रहे धरने में गुरुवार को नया मोड़ आया। सुबह से ही धरना स्थल पर दो से चार लोग ही आते जाते रहे और सन्नाटा पसरा रहा। वहीं एनएचएआई की तरफ से पिलर बनाए जाने के लिए खुदाई व सरिया के जाल डाले जाने का काम कुछ दूरी पर होता रहा। दुकानों के सामने भी जाल व ड्रिल मशीन रहीं लेकिन काम शुरू नहीं हुआ। शाम को जिलाध्यक्ष नवीन गुप्ता के साथ मौके पर पहुंचे दोनों विधायकों डाॅ. नरेंद्र सिंह रैना व विक्रम रंधावा ने दुकानदारों और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के साथ बैठक व बातचीत की जानकारी दी। इसमें कहा कि मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया है कि दुकानें तब तक नहीं हटेंगी, जब तक दूसरी जगह दुकानें नहीं दी जाएंगी। अध्यक्ष नवीन गुप्ता ने कहा कि फिलहाल धरने पर ब्रेक लग गया है। दुकानदारों को कुछ दिन इंतजार करना होगा। उनकी बात सरकार तक पहुंच गई है। इस मौके पर गुरप्रीत डोगरा, रवी महाजन, संदीप महाजन, आशीष गुप्ता, डीके रैना, राज सिंह, विजय शर्मा आदि मौजूद थे।
इनसेट -
पूर्व पार्षद बोले- भाजपा कार्यालय व दिल्ली से आया फोन
पूर्व पार्षद पवन सिंह ने कहा कि दुकानदारों के धरने को लेकर उनके पास नई दिल्ली व यहां भाजपा मुख्यालय से फोन आने के बाद वह पार्टी कार्यालय गए थे। वहां पर वरिष्ठ नेताओं को पूरे मामले में अब तक हुई बातचीत व वार्ता की जानकारी दी गई है। हम सभी पीड़ित दुकानदारों के साथ हैं। उनको हर हाल में न्याय मिलना चाहिए।