कटड़ा-अर्द्धकुंवारी के बीच बाणगंगा से बनाए जाने वाले लिंक मार्ग को लेकर उपजा तनाव शनिवार को थोड़ा कम हुआ। प्रशासन के आश्वासन पर दो दिन बाद भवन मार्ग की बंद दुकानें खोल दी गईं। घोड़े पिट्ठू वालों ने पहले ही हड़ताल खत्म कर दी है।
प्रदर्शनकारियों को डीसी ने आश्वस्त किया कि विवाद के समाधान के लिए श्राइन बोर्ड ने टीम गठित की है, जो रविवार को जनता से सीधी बात करेगी। इस आश्वासन के बाद दुकानदारों ने दुकानें खोल दीं। शनिवार को डीसी रवींद्र कुमार, एसएसपी ताहिर बट्ट और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने बाण गंगा से चरण पादुका तक दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। चरणपादुका में प्रदर्शनकारियों के साथ बैठक की।
इसमें जानकारी दी गई कि नए मार्ग पर उत्पन्न विवाद पर श्राइन बोर्ड से राज्यपाल तक संजीदा हैं। इस समस्या के समाधान के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारियों की एक टीम गठित की गई है। जल्द ही टीम से लोगों की बात करवाई जाएगी ताकि कोई बीच का रास्ता निकाला जा सके। आखिर में इस आश्वासन पर प्रशासन और प्रदर्शनकारियों की सहमति बन गई।