दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के हरिपोरा इमाम साहिब इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को सफलता नहीं मिली है। आतंकी इस मुठभेड़ में अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने बुधवार शाम को इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हुई
इस दौरान इलाके में छिपे आतंकियों ने सुरक्षाबलों की टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में मुठभेड़ शुरू हो गई, लेकिन अंधेरे की आड़ में आतंकी चकमा देकर भाग निकले। दहशतगर्दों की तलाश में अभियान जारी है।
कुपवाड़ा में एक आतंकी मददगार गिरफ्तार
उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में सुरक्षाबलों ने एक आतंकी मददगार को हथियारों व आपत्तिजनक सामग्री के साथ गिरफ्तार किया है। उसकी शिनाख्त खानचक के गुलाम मोहम्मद खान के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसके खिलाफ जांच बिठाई है।
पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था
एक अधिकारी ने बताया कि वीरवार को पुलिस, सेना और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने जिले के लोलाब इलाके के गुडमाचेर गांव से एक आतंकी मददगार (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वह एक पाकिस्तानी हैंडलर के संपर्क में था।
जिसने उसे आतंकवाद में शामिल होने के लिए प्रेरित किया था। गिरफ्तार व्यक्ति से हथियार व कुछ आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद हुई है। पुलिस आरोपी से इस नेटवर्क से जुड़े लोगों के बारे में पूछताछ कर रही है। ब्यूरो