श्रीनगर समेत कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में शुक्रवार को करीब चार घंटे के लिए इंटरनेट सेवाएं स्थगित कर दी गईं। कठुआ रेप मामले में प्रदर्शन और हिंसा के चलते यह कदम उठाया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जुमे की नमाज के बाद प्रदर्शनों और अफवाह को ध्यान में रखते हुए एहतियातन यह कदम उठाया गया था।
अफवाह यह भी थी कि कठुआ रेप मामले को लेकर पाकिस्तानी क्रिकेटर शाहिद आफरीदी वीडियो कांफ्रेंसिंग से श्रीनगर की जामिया मस्जिद में लोगों को संबोधित करेंगे। माना जा रहा है कि इसी के चलते प्रशासन ने इंटरनेट सेवाएं स्थगित करने का फैसला लिया होगा। हालांकि, इसको लेकर आधिकारिक पुष्टि नहीं है।
श्रीनगर में जुमे की नमाज से पूर्व करीब साढ़े ग्यारह बजे इंटरनेट सेवाएं ठप कर दी गईं। किसी को नहीं पता था कि इंटरनेट क्यों बंद किया गया। इसके अलावा दक्षिणी और उत्तरी कश्मीर के कई संवेदनशील इलाकों में भी इंटरनेट स्पीड कम कर दी गई। अपराह्न तीन बजे के बाद इंटरनेट सेवा बहाल कर दी गई।