जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट पार्टी के अध्यक्ष शाह फैसल
- फोटो : अमर उजाला
छह दिन पहले रियासत में नई राजनीतिक पारी का आगाज करने वाले पूर्व आईएएस अफसर व जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट पार्टी के अध्यक्ष शाह फैसल ने शनिवार को इस लोकसभा चुनाव में नहीं उतरने का फैसला किया है। यहां एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने इसकी घोषणा की।
उन्होंने कहा कि हमने अभी नई पार्टी बनाकर आम लोगों के हितों की बात करनी शुरू की थी, परंतु कुछ लोग यह कयास लगाने लगे कि हम चुनावों में वोट काटने के लिए मैदान में उतर रहे हैं। मेरी जानकारी में जब यह चीजें आईं तो मुझे महसूस हुआ कि फिलहाल मुझे वर्तमान लोकसभा चुनाव में नहीं उतरना चाहिए।
मालूम हो कि 17 मार्च को शाह फैसल ने जम्मू कश्मीर पीपुल्स मूवमेंट के नाम से नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च की थी। इस पार्टी में जेएनयू की पूर्व उपाध्यक्ष छात्र नेता शेहला रशीद भी शामिल हुई थीं। उस समय फैसल ने दावा किया था कि वह दिल्ली और कश्मीर के बीच सेतु का काम करेंगे।